

Vinoo Mankad Trophy Elite Vidarbha vs Jammu And Kashmir: अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी (वनडे) में विदर्भ ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। एलिट ग्रुप-सी के मुकाबले में विदर्भ ने जम्मू-कश्मीर को 53 रन से शिकस्त दी।
बारिश के कारण मुकाबला 38-38 ओवर का कर दिया गया था। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 233 रन बनाए, जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 33।3 ओवर में 180 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान कुश शर्मा ने 60 गेंदों में 58 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। कुश ने आयुष चौधरीकर (34) के साथ पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े।
इसके बाद अर्णव लुंगे (34) के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
3 विकेट जल्दी गिरने के बाद लुधाड़े और सर्वेश खनकर (18) ने 40 रन जोड़कर पारी को संभाला। अंत में साईश भिसे ने नाबाद 60 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाकर विदर्भ टीम को 233 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर ने राहिल यूनिस (50) और शौर्य चौहान (26) के बीच 59 रन की साझेदारी से अच्छी शुरुआत की। इसके बाद अर्जुन शर्मा (32) और आशुतोष महाजन (34) ने भी टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
हालांकि विदर्भ के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए पूरी टीम को 180 रन पर समेट दिया। हिमांशु कावले ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर 4 विकेट झटके। कुश शर्मा और ओम घोटरे ने 2-2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। इस तरह विदर्भ ने मुकाबला 53 रन से अपने नाम कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।