नागपुर: सिंदी स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा, शौचालय की खिड़की तोड़कर बाहर निकला युवक; RPF ने किया काबू

Nagpur Sindi Railway Station: नागपुर सिंदी रेलवे स्टेशन पर एक मनोरोगी ने दक्षिण एक्सप्रेस में हंगामा किया। शौचालय की खिड़की तोड़कर बाहर निकलने के बाद उसने पत्थरबाजी की, जिसमें दो यात्री घायल हो गए।
Nagpur: High-voltage drama at Sindi station; youth breaks toilet window to escape, RPF subdues him.
सिंदी रेलवे स्टेशन, दक्षिण एक्सप्रेस, (सोर्स: सौजन्य AI)
Published on
Updated on

Nagpur Railway Security: मध्य रेल नागपुर मंडल के तहत सिंदी (रेलवे) रेलवे स्टेशन पर रविवार को सुबह एक मनोरोगी ने ट्रेन 12722 दक्षिण एक्सप्रेस में जमकर बवाल काटा। पकड़े जाने के डर से वह शौचालय की खिड़की तोड़कर बाहर आया और फिर यात्रियों पर पत्थरबाजी करने लगा। इतना ही नहीं, वहां से गुजर रही वंदेभारत एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के गार्ड पर हमला कर दिया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना में 2 यात्री जख्मी हो गये जिनमें से एक को मेयो में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे यात्री को प्राथमिक इलाज के बाद रवाना कर दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और उसे काबू में लिया।

5 घंटे से बंद था शौचालय में सिर से फोड़ी कांच की खिड़की

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की है। उक्त मनोरोगी यात्री दक्षिण एक्सप्रेस के एस-1 कोच में सवार था। यात्रियों ने बताया कि यात्री घटना के समय से पहले करीब 5 घंटे से शौचालय में ही बंद था। इस समय ट्रेन सेलू से गुजर रही थी। किसी के भी दरवाजा खटखटाने पर वह भीतर से पानी मारकर परेशान कर रहा था। यात्रियों ने ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों को सूचित किया। मनोरोगी यात्री ने आरपीएफ जवानों पर भी पानी फेंका लेकिन खुद को घिरता देखकर अपने सिर से शौचालय की खिड़की का कांच तोड़ने लगा। इससे पहले कि आरपीएफ जवान शौचालय का दरवाजा तोड़ पाते, वह खिड़की से बाहर निकला और लटक गया। हैरानी की बात रही कि वह सेलू से सिंदी (रेलवे) तक खिड़की पर ही लटका रहा।

सिंदी स्टेशन पर मचा हाहाकार

ट्रेन सिंदी स्टेशन पर रुकी। ट्रेन के रुकते ही उसने जनरल कोच पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसमें कुछ यात्रियों को चोटें आई। उसका पागलपान देखकर दूसरी लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के गार्ड ने भी रोकना चाहा तो मनोरोगी ने उन पर भी पत्थर मारने शुरू कर दिये, गार्ड को भी हल्की चोटें आने की जानकारी है। मनोरोगी यात्री बुरी तरह जख्मी हो चुका था लेकिन किसी के काबू में नहीं आ रहा था।

बड़ी मशक्कत के बाद आरपीएफ जवानों ने कुछ यात्रियों की मदद से उसे पकड़ लिया। घटना के कारण सिदी रेलवे स्टेशन परिसर में हंगामे और तनाव का माहौल बना रहा। वहीं ट्रेन के नागपुर पहुंचने पर घायल यात्रियों को प्राथमिक इलाज दिया गया। सूत्रों के अनुसार, एक यात्री के चेहरे पर पत्थर लगा जिससे उसका गाल कट गया। इस यात्री को मेयो में भर्ती कराये जाने की जानकारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com