स्मार्ट मीटर से नागपुर-वर्धा के ग्राहकों ने बचाए 10.37 करोड़; दिन में बिजली इस्तेमाल पर मिल रही 85 पैसे की छूट

Smart TOD Meter: महावितरण के स्मार्ट टीओडी मीटर से नागपुर और वर्धा के उपभोक्ताओं ने सात महीनों में 10.37 करोड़ रुपये बचाए। दिन में बिजली इस्तेमाल पर 85 पैसे प्रति यूनिट की छूट मिल रही है।
Smart Meter Electricity Savings
स्मार्ट मीटर बिजली की बचतसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक नागपुर और वर्धा में 10.37 करोड़ रुपये से अधिक की बचत।

  • सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग पर 85 पैसे प्रति यूनिट की छूट।

  • अक्टूबर में 5,01,572 उपभोक्ताओं को कुल 1.44 करोड़ रुपये की राहत मिली।

Smart Meter Electricity Savings: महावितरण के स्मार्ट टीओडी मीटर से नागपुर और वर्धा जिले के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं ने अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच 10.37 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की है। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली इस्तेमाल करने पर 85 पैसे प्रति यूनिट की छूट मिल रही है। जल्द ही यह छूट बढ़कर 1 रुपये प्रति यूनिट होने की संभावना है।

सात महीनों में 10.37 करोड़ की बचत

महंगाई के दौर में नागपुर शहर और वर्धा जिले के बिजली उपभोक्ताओं को महावितरण के स्मार्ट टीओडी मीटर से आर्थिक राहत मिल रही है। इन दोनों जिलों के घरेलू बिजली ग्राहकों ने अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक सात महीनों में बिजली बिल पर कुल 10.37 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की है।

महावितरण के स्मार्ट टीओडी मीटर धारकों को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली का इस्तेमाल करने पर प्रति यूनिट 85 पैसे की सीधी छूट दी जा रही है। इस अवधि में नागपुर जिले के उपभोक्ताओं ने 8.86 करोड़ रुपये, जबकि वर्धा जिले के ग्राहकों ने 1.51 करोड़ रुपये की बचत की है।

अक्टूबर में 5 लाख से अधिक ग्राहकों को लाभ

महावितरण के उपमुख्य जनसंपर्क अधिकारी योगेश विटणकर ने बताया कि इस छूट का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं की संख्या हर महीने बढ़ रही है। अक्टूबर में 5,01,572 ग्राहकों को कुल 1.44 करोड़ रुपये की छूट मिली।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र विद्युत नियामक आयोग (एमईआरसी) के आदेश के अनुसार वर्तमान में मिल रही 85 पैसे प्रति यूनिट की छूट निकट भविष्य में बढ़कर 1 रुपये प्रति यूनिट होने वाली है। इस लाभ के लिए उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट टीओडी मीटर होना आवश्यक है।

Smart Meter Electricity Savings
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में अजित पवार की अर्ध-प्रतिमा का अनावरण किया

स्मार्ट मीटर लगाने का शुल्क नहीं

महावितरण ने स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत अपने कार्यालयों और कर्मचारी आवासीय परिसरों से की थी। कुछ क्षेत्रों में इन मीटरों को लेकर गलतफहमियां फैलने और विरोध की कोशिशें भी हुई थीं। हालांकि, मीटर से मिलने वाली आर्थिक बचत सामने आने के बाद विरोध कम होने का दावा किया गया है।

महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर के वास्तविक लाभ समझने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए महावितरण की ओर से कोई शुल्क नहीं लिया जाता। इसे लगाने की पूरी प्रक्रिया मुफ्त है।

Smart Meter Electricity Savings
Nagpur Murder: हत्या से पहले 112 पर मिली थी चेतावनी, फिर भी नहीं बची जान, पुलिस की लापरवाही;बीट मार्शल सस्पेंड

मोबाइल एप पर देख सकेंगे बिजली का इस्तेमाल

स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता महावितरण के मोबाइल एप के जरिए बिजली की खपत का रियल टाइम डेटा देख सकते हैं। इसमें प्रति घंटे और प्रतिदिन कितनी बिजली खर्च हुई, इसकी जानकारी उपलब्ध होती है।

इस सुविधा से ग्राहक अपने बिजली उपयोग पर नजर रख सकते हैं और जरूरत के अनुसार खपत की योजना बना सकते हैं। साथ ही, दिन के निर्धारित समय में बिजली का उपयोग करके प्रति यूनिट मिलने वाली छूट का लाभ भी उठा सकते हैं।