

दादर नामकरण विवाद के बीच संजय राउत ने नागपुर का नाम दीक्षाभूमि करने को कहा।
राउत ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे भी इस प्रस्ताव के पूरी तरह समर्थन में हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से विधानसभा में नागपुर के नामांतरण का प्रस्ताव लाने को कहा।
Sanjay Raut Demand To Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र में शहरों और सार्वजनिक स्थानों के नामकरण को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। दादर रेलवे स्टेशन के नाम को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने अब नागपुर का नाम बदलने की मांग उठा दी है। उन्होंने कहा है कि नागपुर का नाम बदलकर दीक्षाभूमि किया जाना चाहिए।
राउत के मुताबिक, यह भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। खास बात यह है कि उन्होंने इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विपक्ष के समर्थन का भरोसा भी दिया है।
संजय राउत ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर के नामांतरण का प्रस्ताव विधानसभा में लाते हैं, तो उनकी पार्टी इसका पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी इस विचार के पक्ष में हैं और उन्होंने इस संबंध में अपनी सहमति जताई है।
संजय राउत की यह मांग ऐसे समय आई है, जब डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस से पहले दादर के नामकरण को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक बहस चल रही है।
दरअसल, राज्य सरकार की ओर से पहले दादर रेलवे स्टेशन का नाम चैत्यभूमि करने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि नाम बदलने का प्रस्ताव दादर रेलवे स्टेशन के लिए नहीं, बल्कि दादर मेट्रो स्टेशन के लिए है। सरकारी विज्ञप्ति में हुई इस गड़बड़ी के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरा था।
इसी विवाद के बीच राउत ने कहा कि दादर एक छोटा स्टेशन है, इसके बजाय नागपुर का नाम बदलकर दीक्षाभूमि करना बाबासाहेब को कहीं बड़ी श्रद्धांजलि होगी। उनका तर्क है कि डॉ. आंबेडकर के जीवन में सामाजिक क्रांति का ऐतिहासिक अध्याय नागपुर से जुड़ा है।
नागपुर की दीक्षाभूमि का डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन और भारतीय इतिहास में विशेष महत्व है। 14 अक्टूबर 1956 को विजयादशमी के अवसर पर डॉ. आंबेडकर ने नागपुर में बौद्ध धर्म स्वीकार किया था। इस अवसर पर उनके साथ बड़ी संख्या में अनुयायियों ने भी बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी।
इसी ऐतिहासिक घटना के कारण नागपुर की दीक्षाभूमि देश और दुनिया के बौद्ध अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण तीर्थस्थल बन गई। संजय राउत इसी ऐतिहासिक पहचान को पूरे शहर के नाम से जोड़ने की मांग कर रहे हैं।
राउत ने अपनी मांग के जरिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीधे तौर पर पहल करने को कहा है। नागपुर मुख्यमंत्री फडणवीस का राजनीतिक गृहक्षेत्र भी है। राउत का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में डॉ. आंबेडकर के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहते हैं, तो उन्हें नागपुर के नामांतरण का प्रस्ताव आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने साफ किया कि सरकार यदि इस दिशा में कदम उठाती है तो शिवसेना (यूबीटी) उसके साथ खड़ी रहेगी। हालांकि, फिलहाल यह राउत की राजनीतिक मांग है। राज्य सरकार की ओर से नागपुर का नाम बदलने का कोई आधिकारिक प्रस्ताव या निर्णय सामने नहीं आया है।
संजय राउत ने इस दौरान मुंबई के इंदु मिल में बन रहे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि स्मारक के निर्माण में इतनी देरी क्यों हो रही है और परियोजना की लागत लगातार क्यों बढ़ रही है?
राउत ने सरकार और स्मारक से जुड़े ट्रस्ट से इस बारे में जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि स्मारक का निर्माण जल्द से जल्द पूरा होना चाहिए। यदि इसके लिए फंड की कमी है तो सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए।
दादर मेट्रो स्टेशन का नाम चैत्यभूमि करने के प्रस्ताव और अब नागपुर का नाम दीक्षाभूमि रखने की मांग ने महाराष्ट्र में नामकरण की बहस को नया मोड़ दे दिया है। एक तरफ चैत्यभूमि और दीक्षाभूमि दोनों का संबंध डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की ऐतिहासिक विरासत से है, वहीं दूसरी तरफ अब निगाहें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर हैं कि वे संजय राउत की इस मांग पर क्या रुख अपनाते हैं।