फडणवीस के खास संदीप जोशी ने लिया यू-टर्न, अब नहीं लेंगे संन्यास, फिनिक्स की तरह राजनीति में करेंगे वापसी

Sandeep Joshi Nagpur MLC: नागपुर के संदीप जोशी का यू-टर्न, नहीं लेंगे राजनीति से संन्यास। 13 मई के बाद 6 महीने का ब्रेक और फिर 'फिनिक्स' की तरह वापसी का एलान।
Former Nagpur Mayor Sandeep Joshi takes a U-turn on his retirement announcement. Plans a 6-month break before returning to active politics like a 'Phoenix'.
संदीप जोशी (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sandeep Joshi Retirement U-turn: वर्तमान राजनीति पर तीखी टिप्पणी करते हुए ‘अब मुझे रुकना है’ कहकर हलचल मचाने वाले पूर्व महापौर व विधान परिषद सदस्य संदीप जोशी ने अब अपनी ही घोषणा से यू-टर्न ले लिया है। उन्होंने साफ किया है कि विधायकी खत्म होने के बाद वे छह महीने का ब्रेक लेंगे और फिर फिनिक्स की तरह राजनीति में वापसी करेंगे।

इस बदले रुख को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। महानगर पालिका चुनाव के नतीजों के बाद पूर्व महापौर संदीप जोशी ने ‘अब मुझे रुकना है’ शीर्षक से एक सार्वजनिक पत्र जारी कर सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का संकेत दिया था।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा था कि राजनीति उनके लिए हमेशा पद या प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि समाजसेवा और निष्ठा का माध्यम रही है लेकिन मौजूदा दौर में सत्तालोलुपता, दल-बदल और बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं और आम मतदाताओं को भी असहज कर दिया है। उन्होंने उस समय यह भी कहा था कि सीमित अवसर और बढ़तीं अपेक्षाओं के बीच कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है।

राजनीति में करूंगा वापसी

इसलिए अब उन्हें स्वयं रुक जाना चाहिए। हालांकि उनकी इस घोषणा के बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे निर्णय बदलने की अपील की थी, जिसे उन्होंने तब ठुकरा दिया था। अब अपने रुख में बदलाव करते हुए संदीप जोशी ने कहा कि कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के आग्रह पर उन्होंने फैसला बदला है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, '13 मई के बाद मैं छह महीने का ब्रेक लूंगा और उसके बाद फिनिक्स की तरह नई ऊर्जा के साथ राजनीति में वापसी करूंगा।' उनके इस नए बयान से साफ है कि संन्यास की घोषणा फिलहाल टल गई है और वे एक बार फिर सक्रिय राजनीति में नजर आएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com