

Nagpur Samruddhi Mahamarg Truck Fire: नागपुर जिले के हिंगना क्षेत्र में समृद्धि महामार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चैनल क्रमांक 11-200 स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़े एक मालवाहक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई।
गनीमत यह रही कि समय रहते चालक की सतर्कता और दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की लपटों में आकर ट्रक जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुआ ट्रक (क्रमांक CG 14 MU 8188) लोहे की भारी रॉड (छड़ें) लेकर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से मुंबई की ओर जा रहा था। ट्रक चालक मोहसीन मन्सूर अंसारी (30), निवासी कलेपाट, तहसील सेना, जिला लोहरदगा (झारखंड), सफर के दौरान कुछ देर विश्राम करने और डीजल भरवाने के लिए हिंगना स्थित पेट्रोल पंप के पास रुका था।
हिंगना क्षेत्र में समृद्धि महामार्ग पर पेट्रोल पंप के पास वाहन खड़ा करने के तुरंत बाद ट्रक के इंजन की वायरिंग में अचानक स्पार्किंग हुई। जब तक चालक कुछ समझ पाता, तब तक शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
नागपुर जिले के हिंगना क्षेत्र में समृद्धि महामार्ग पर पेट्रोल पंप के बिल्कुल नजदीक आग लगने की वजह से वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़े विस्फोट का खतरा पैदा हो गया। घटना की सूचना तुरंत आपातकालीन सेवाओं को दी गई।
राहत अभियान: सबसे पहले वायफल टोल नाके का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर पानी फेंकना शुरू किया।
अतिरिक्त बल: आग की भीषणता को देखते हुए एमआईडीसी बोरी और मिहान से भी अग्निशमन दस्तों को तुरंत बुलाया गया।
बचाव कार्य: फायर ऑफिसर राकेश ब्राहमणकर और विलास पटले के नेतृत्व में फायरकर्मियों ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पाया।
घटना की खबर मिलते ही सहायक पुलिस निरीक्षक तेजेंद्र मेश्राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात को सुरक्षित कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच कर रही है।