4 महीने से नहीं मिला कमीशन, नागपुर के राशन दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट; मांग के बावजूद प्रशासन उदासीन

Nagpur Ration Shop Dealers: नागपुर के राशन दुकानदारों का आरोप है कि पिछले चार महीनों से कमीशन का भुगतान नहीं हुआ है। आर्थिक संकट के चलते कई दुकानदार कर्ज लेकर व्यवस्था चला रहे हैं।
No Commission Received for 4 Months: Nagpur Ration Shopkeepers Face Financial Crisis; Administration Remains Indifferent Despite Demands
राशन दुकानदार, लंबित कमीशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, नागपुर, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Public Distribution System: नागपुर शहर के राशन दुकानदार पिछले 4 महीने से कमीशन नहीं मिलने के कारण हर महीने आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज वितरण का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है लेकिन इसके बदले मिलने वाला कमीशन लंबे समय से लंबित है।

अब यह स्थिति है कि 4-4 महीने का कमीशन लंबित रहता है। इस कारण राशन दुकानदारों के लिए नियमित खर्च वहन करना कठिन हो रहा है। दुकानदार कर्ज लेकर अपना काम चला रहे है, जबकि बार-बार मांग के बावजूद प्रशासन उदासीन है।

कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल भरना देना भी कठिन

दुकानों के संचालन, कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल और अन्य प्रशासनिक खचों का बोझ दुकानदारों पर बढ़ता जा रहा है। शहर के राशन दुकानदारों के अनुसार, कमीशन ही उनकी आय का प्रमुख स्रोत है। 4 महीने से भुगतान नहीं होने के कारण कई दुकानदारों को उधार लेकर दुकान का संचालन करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही लंबित कमीशन का भुगतान नहीं किया गया तो कई दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट और गहरा सकता है।

समय पर कमीशन जरूरी

कांग्रेस राशन दुकानदार सेल ने शासन और संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित कमीशन जारी करने की मांग की है। कई बार पहले भी ज्ञापन सौंपे जा चुके है लेकिन प्रशासन उदासीन है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दुकानदारों को समय पर कमीशन मिलना आवश्यक है। नागपुर शहर में 650 से अधिक राशन दुकानदार है। समय पर कमीशन नहीं मिलने से इनकी परेशानी बढ़ जाती है इसका असर वितरण प्रणाली पर भी पड़ता है। - शहर अध्यक्ष, कांग्रेस राशन दुकानदार सेल,अतीक कुरैशी

3 माह का अनाज बंद करें

लाभार्थियों को एक साथ 3 महीने का अनाज देने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने की मांग की गई है। इसे बंद करना चाहिए। एक साथ 3 महीने का अनाज वितरण करने से दुकानदारो पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। भंडारण, वितरण और रिकॉर्ड संधारण में कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है जिससे दुकानदारों की समस्याएं बढ़ जाती है।

नागपुर राशन दुकानदार संघ ने अन्न धन्य वितरण अधिकारी को पत्र सौंपकर मांग की है कि पहले की तरह नियमित मासिक वितरण व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही दुकानदारों के कमीशन की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।

- नागपुर, सचिव, राशन दुकानदार संघ, रितेश अग्रवाल

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com