500 करोड़ के वर्ल्ड क्लास नागपुर स्टेशन के बाहर बदहाली! टेकड़ी रोड पर अतिक्रमण और ऑटो चालकों का कब्जा

Nagpur Railway Station Redevelopment: नागपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के बीच टेकड़ी रोड पर फैला अतिक्रमण और ऑटो चालकों की मनमानी शहर की छवि पर दाग लगा रही है। स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।
Nagpur Tekdi Road Encroachment
नागपुर रेलवे स्टेशनसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से नागपुर स्टेशन का पुनर्विकास जारी।

  • पश्चिमी हिस्से में अंडरग्राउंड पार्किंग शुरू होने से आधुनिक सुविधाओं की झलक।

  • टेकड़ी रोड पर ठेले, टेबल और कुर्सियों से सड़क घिरने की शिकायत।

  • स्टेशन गेट के सामने ऑटो और ई-रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग।

Nagpur Tekdi Road Encroachment: नागपुर में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड क्लास बनाये जा रहे नागपुर स्टेशन पर पुनर्विकास की शानदार झलक पश्चिमी भाग में हाल ही में शुरू की गई अंडरग्राउंड पार्किंग से नजर आने लगी है।

हालांकि स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले या निकलने के तुरंत बाद शहरवासियों या शहर के मेहमानों को ऐसा नजारा दिखता है जो पूरे नागपुर की छवि पर दाग लगाने से कम नहीं है।

टेकड़ी रोड पर कुकुरमुत्ते के समान फैला अतिक्रमण और गेट के ठीक सामने अंगद के पैर के समान जमे ऑटो चालक। इनका कब्जा इतना मजबूत होता है कि भीतर आने या बाहर जाने वाले वाहन चालकों को इनसे प्रार्थना करनी पड़ती है कि रास्ता दें।

सड़क पर ही लगा दी टेबल-कुर्सी

सूत्रों के अनुसार, स्टेशन के ठीक सामने हफ्ता वसूली के जरिये खुलेआम अतिक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है। जो चाय, जूस, डोसा और बिरयानी के ठेले कभी पूर्वी भाग में लगाये जाते थे, अब उन्हें टेकड़ी रोड पर शिफ्ट करवा दिया गया है।

हफ्ता वसूली करने वालों की ताकत इतनी है कि नियम और कानून को ठेंगा दिखाते हुए लोगों को सड़क पर ही ठेले के साथ कुर्सी और टेबल लगाने की भी छूट दे दी गई है। फिर चाहे इनकी वजह से जाम लगे या दुर्घटना की स्थिति बने, किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता।

टेकड़ी रोड के इस हिस्से के ये हाल हैं कि एक ओर 3 लेन और दूसरी ओर से 2 लेन होने के बावजूद वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए एक ही लेन उपलब्ध रह जाती है। हैरानी की बात है कि दिन में एक बार भी महानगरपालिका के अतिक्रमण उन्मूलन विभाग की गाड़ी यहां नहीं गुजरती।

Nagpur Tekdi Road Encroachment
नागपुर में किसानों के आंगन पहुंचे CM देवेंद्र फडणवीस, खेतों का मुआयना कर दी कुएं और बोअरवेल छूट की बड़ी सौगात

ई-रिक्शा चालकों की मनमानी की झलक

ऑटो चालकों पर कोई जोर नहीं पिछले कुछ दिनों से ट्रैफिक पुलिस की सख्ती की वजह से स्टेशन के पश्चिमी भाग में ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी पर लगाम कसी है, लेकिन

पूरी तरह नहीं। शायद ही ऐसा कोई दिन और दिन का कोई एक पहर ऐसा निकला होगा जिस दिन स्टेशन परिसर के प्रवेश द्वार के ठीक सामने ऑटो चालक या ई-रिक्शा चालकों की मनमानी की झलक न देखने मिली हो।

ये न तो वाहन को भीतर जाने और न ही परिसर से बाहर आने देना चाहते हैं। इनके थमे हुए पहियों की मजबूती देखकर रामायण के अंगद को भी अपनी शक्ति पर संदेह हो जाये।

स्थायी चौकी की जरूरत

  • टेकड़ी रोड का यह हिस्सा केवल हफ्ता वसूली वाले अतिक्रमण या ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा की मनमानी से ही परेशान नहीं है।

  • यहां खुलेआम गुटखा, खर्रा, सिगरेट आदि के अलावा अन्य प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री भी होती नजर आती है।

  • सड़क घेरकर खड़े ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा और अन्य वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान ढोके जा रहे हैं, लेकिन प्रयास नाकाफी है,

  • समय की मांग है कि अब यहां एक स्थायी पुलिस चौकी बना दी जाए ताकि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से कानून का डर नजर आता रहे और किसी न किसी की मौजूदगी से जिम्मेदारी भी तय हो सके।

Nagpur Tekdi Road Encroachment
नागपुर में लगातार दूसरे दिन भूकंप का झटका, क्या बदल रहा है विदर्भ का भूगर्भीय मिजाज

50 वर्षों बाद भी नहीं स्थायी हल

खास बात यह कि चाहे अतिक्रमण हो या फिर सवारी वाहनों की मनमानी, जयस्तंभ चौक से मानस चौक तक पहुंचने वाला टेकड़ी रोड हमेशा से ही इनका मारा रहा है।

पिछले करीब 50 वर्षों से अधिक का समय गुजरने के बाद भी स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को टेकड़ी रोड पर स्टेशन के सामने के अतिक्रमण और सवारी वाहनों की मनमानी का स्थायी हल नहीं मिला। ऑटो चालकों की मनमर्जी का कोढ़ पहले से मौजूद था। अब हफ्ता वसूली वाले अतिक्रमण नाम का कैंसर भी खतरे के स्तर पर पहुंच चुका है।