अकेले क्यों मनपा चुनाव लड़ रही है NCP? प्रफुल्ल पटेल ने नागपुर में किया खुलासा, बीजेपी का दिया हवाला

Praful Patel Nagpur Speech: प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि NCP (AP) नागपुर NMC चुनाव अकेले क्यों लड़ रही है। उन्होंने BJP के नागरिक शासन के खिलाफ जनता के गुस्से का हवाला दिया और कारण बताया।
Praful Patel Nagpur Speech NCP Ajit Pawar NMC Election 2026
प्रफुल्ल पटेल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

NCP Ajit Pawar in Nagpur: राज्य में सत्ता में रहते हुए यह आभास कराया जा रहा है कि सारी उपलब्धियां केवल भाजपा की हैं, जबकि सरकार में हम भी शामिल हैं। इसलिए जो भी अच्छा काम हो रहा है, उसमें हमारा भी योगदान है। हालांकि नागपुर के विकास कार्यों को लेकर कुछ वर्गों में भारी नाराजगी है। यह नाराजगी हम पर न टूटे, इसलिए हम मनपा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ रहे हैं।

यह कहना है राकां अजीत पवार गुट के कार्याध्यक्ष सांसद प्रफुल पटेल का। वे प्रभाग क्रमांक 28 से 33 तक पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए अयोध्यानगर क्षेत्र में आयोजित प्रचार सभा में बोल रहे थे। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पानी की समस्या अब तक हल नहीं हुई है। नागरिक सरकार को टैक्स देते हैं और उन्हीं पैसों से विकास कार्य होते हैं। इसलिए नागरिकों की सरकार से अपेक्षाएं हैं।

मालिकाना पट्टों और नालों की समस्याएं भी बनी हुई हैं। समस्याओं के निराकरण के लिए हमारे उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। भले ही हम अलग होकर चुनाव लड़ रहे हों, लेकिन नागपुरवासियों के मुद्दों का समाधान करेंगे। उन्होंने राकां उम्मीदवारों को एक बार मौका देने की अपील नागरिकों से की।

बहुत काम किए जाने बाकी

पटेल ने मिहान और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों पर भी गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नागपुर शहर ऊपर से बड़ा दिखाई देता है लेकिन भीतर जाने पर अंधेरा नजर आता है। शहर में अभी बहुत से काम किए जाने बाकी हैं। पार्टी के उम्मीदवारों में दिन-रात काम करने की लगन है। इसलिए वे जनता के सामने आए हैं। हम पूरी ताकत से उनके साथ हैं।

‘लाडली बहन’ पर श्रेय की खींचतान

प्रफुल्ल पटेल ने बीजेपी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि ‘लाडली बहन’ योजना का श्रेय किसी एक दल को नहीं जाता। इसमें राष्ट्रवादी का भी योगदान है। हमारे हिस्से का अधिकार कोई छीन नहीं सकता। हम ईमानदारी से काम कर रहे हैं। इसलिए हम महायुति के धर्म का पालन करते हैं।

यह जिम्मेदारी सभी की है। केवल चौके-छक्के मारने से फायदा नहीं होता। एक-एक रन लेकर भी शतक बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि राष्ट्रवादी के उम्मीदवारों को एक अवसर दें।

Navbharat Live
navbharatlive.com