50 साल तक नहीं टूटेंगी सड़कें, पश्चिम नागपुर में नितिन गडकरी का बड़ा दावा, पेश किया विकास का रिपोर्ट कार्ड

Nitin Gadkari Nagpur Speech: पश्चिम और उत्तर नागपुर में गरीबों का जीवन सुगम बनाना ही संकल्प। 135 सीटर AC बस और काटोल रोड फ्लाईओवर का बड़ा ऐलान। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Nitin Gadkari guarantees seamless development in West & North Nagpur
चुनावी प्रचार में नितिन गडकरी (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

NMC Election 2026: केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बीते दो दशकों में नागपुर की तस्वीर बदल गयी है। विशेष रूप से पिछले 11 वर्षों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं और कई कार्य प्रगति पर हैं। सड़कें, पानी, मूलभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य और स्वच्छता आदि हर क्षेत्र की समस्याओं को हल कर गरीबों के जीवन को सुगम बनाने का संकल्प हमने किया है। वे मनपा चुनाव के लिए पश्चिम और उत्तर नागपुर में आयोजित सभा में बोल रहे थे।

उन्होंने पश्चिम नागपुर के प्रभाग क्रमांक 10, 12, 13 और 14 में गिट्टीखदान चौक तथा हजारी पहाड़ चौक व उत्तर नागपुर के प्रभाग क्रमांक 2 में म्हाडा कॉलोनी में नागरिकों से भाजपा व महायुति के उम्मीदवारों को आशीर्वाद देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपकी समस्याओं के निराकरण के लिए जीतने पर ये सभी कार्य करेंगे, इसकी गारंटी मैं देता हूं।

मूलभूत सुविधाओं में क्रांति

नितिन गडकरी ने कहा कि पानी, सड़कें, स्वच्छता, उद्यान और मैदान जैसी सुविधाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वर्ष 1997 में शहर में पानी की केवल 8 टंकियां थीं। आज 103 हैं। पहले 18 उद्यान थे। आज 205 उद्यान हैं। खेल के मैदान 8 थे। आज 123 हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि मैं इन आंकड़ों से संतुष्ट नहीं हूं। नागपुर के बच्चों को शाम 5 बजे के बाद भी मैदानों में खेलना चाहिए, यह हमारा प्रयास है। सिटी में 24 घंटे जलापूर्ति योजना शुरू की गई है। पुरानी पाइपलाइनों को बदलने का कार्य जारी है। पिछले 20 वर्षों में किए गए सुधारों के कारण आज नागपुर में पानी की कोई समस्या नहीं है। पश्चिम नागपुर में तो गोरेवाड़ा होने के कारण पानी की समस्या का प्रश्न ही नहीं है। स्टील पाइपलाइनों से लीकेज की समस्या खत्म हो गई है। अब ऊंचाई पर स्थित बस्तियों में भी पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से हो रही है।

सड़कों, फ्लाईओवर का जाल

नागपुर की सड़कें अब बेहतर हो गई हैं और आने वाले 50 वर्षों तक सड़कों को कोई नुकसान नहीं होगा। पुलिस लाइन टाकली से काटोल रोड के टोल नाके से आगे तक जाने वाला एक बड़ा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। महीनों के भीतर इसका कार्य शुरू होगा। सिटी में ट्रैफिक समस्या को हल करने के लिए सड़कों व ओवरब्रिज का जाल बिछा दिया गया है।

फुटाला लेक का फाउंटेन भी जल्द ही शुरू होने वाला है। उन्होंने बताया कि 135 सीटर एसी बस नागपुर के रिंग रोड पर चलेगी। ये बस पश्चिम नागपुर के काटोल रोड से शुरू होकर 52 किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हुए गिट्टीखदान चौक तक आएगी।

11 बैठकें, 6 जनसभाएं

पिछले 2 दिनों में गडकरी ने कुल 11 बैठकों और 6 जनसभाओं को संबोधित किया। शनिवार को उन्होंने प्रभाग क्रमांक 7, 9, 17, 31 और 33 में बैठकों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों से संवाद साधा। वहीं शाम को महायुति के उम्मीदवारों के समर्थन में लगातार 3 जनसभाएं लीं। 11 जनवरी को उनकी 5 बैठकें और 3 जनसभाएं प्रस्तावित हैं।

इस अवसर पर कांचन बक्सरिया, शुभरश्मी रामटेके, वैशाली चोपड़े, गिरीश ग्वालबंशी, योगिता तेलंग, माधुरी टेकाम, विनोद कन्हेरे, प्रगति पाटिल, दर्शनी धवड़, माया इवनाते, साधना बरडे, विक्रम ग्वालबंशी, योगेश पाचपोर, ऋतिका मसराम, वर्षा चौधरी, विजय होले, डॉ. सरिता माने, अनिकेत येरखेडे, नेहा निकोसे और पंकज यादव उपस्थित थे। शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक परिणय फुके, सुधाकर कोहले, किसन गावंडे, दत्ता खोडे और स्वप्निल खडगी भी मंचासीन थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com