बाघों की ‘खूनी’ जंग, पेंच में 2 नन्हे शावकों के शव मिलने से हड़कंप, इलाके के वर्चस्व ने ली जान
Pench Tiger Reserve: नागपुर के पेंच टाइगर रिजर्व के देवलापार क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई ने दो नन्हे शावकों की जान ले ली। एक वयस्क नर बाघ के हमले में बाघिन T-130 के दो शावक मारे गए।
- Written By: प्रिया जैस
शावकों की मौत (सौजन्य-नवभारत)
Tiger Cub Death: नागपुर के पेंच टाइगर रिजर्व से दुखद घटना सामने आई है। क्षेत्र की लड़ाई में एक नर बाघ ने 2 नन्हे बाघ शावकों को मार डाला। पेंच रिजर्व अंतर्गत देवलापार वन्यजीव क्षेत्र में हुई इस घटना में लगभग 6-8 महीने की उम्र के 2 नर बाघ शावकों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हुई है। यह घटना बाघों की प्राकृतिक क्षेत्रीय गतिशीलता को दर्शाती है।
वन विभाग को पहला शव गश्त के दौरान गर्रा बीट के कंपार्टमेंट नंबर 500 आरएफ में मिला। पश्चात खुर्सापार बीट के कंपार्टमेंट नंबर 509 आरएफ में दूसरे शावक का शव मिला। एनटीसीए के दिशा-निर्देशानुसार वन विभाग द्वारा शावकों के शवों का तत्काल पोस्टमार्टम किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पशु चिकित्सा जांच से पुष्टि हुई कि दोनों शावकों को क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान एक वयस्क नर बाघ ने मार डाला था जिससे मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई मानी गई। दोनों स्थानों पर शरीर के सभी अंग साबूत पाए गए जिससे शिकार की किसी भी आशंका का खंडन होता है।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर के सरकारी पार्क में लहलहा रही थी गांजे की फसल, BJP नेता के वीडियो शेयर करने पर मचा हड़कंप; VIDEO वायरल
नागपुर में महंगाई की तपिश: अब चाय की चुस्की भी हुई महंगी, टपरियों पर 15 रूपए तक पहुंचा एक ग्लास का दाम
नागपुर घोगली में 6 महीने से अधूरा निर्माण कार्य बना आफत; आधी खुदी सड़क पर गड्ढों से बढ़ रही दुर्घटनाएं
अतिक्रमण के खिलाफ नागपुर मनपा सख्त: महल में हमेशा की तरह डटा रहा दस्ता, प्रतापनगर से 8 ठेले किए जब्त
डीएफओ सोनल कामड़ी, एसीएफ पूजा लिम्बगावकर, एपीसीसीएफ रोहिणी बास्कर, सुजीत कोलंगाथ, डॉ. सुरेश मंडलिक, वाइल्डलाइफ वार्डन अविनाश लोंढे समेत अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम किया गया।
टी-130 बाघिन के थे शावक
अधिकारियों के अनुसार पहले शावक की मृत्यु मंगलवार को हुई थी। वहीं दूसरे शावक की मौत कुछ दिनों पहले हुई थी। उसका शव सड़ने की अवस्था में था। दोनों मृत शावक टी-130 बाघिन के होने का दावा है। उक्त बाघिन को पहले 3 शावकों के साथ देखा गया था लेकिन हाल ही में उसे केवल एक शावक के साथ देखा गया है।
यह भी पढ़ें – पिनाक से ड्रोन तक…नागपुर-वर्धा-अमरावती में बनेगा डिफेंस कॉरिडोर, 30,000 करोड़ का मेगा प्लान तैयार!
जांच के लिए भेजे गए नमूने
पेंच टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर के निर्देशों के अनुसार किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को खत्म करने के लिए प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (पीओआर) दर्ज की गई है। दोनों शवों से जैविक नमूने आगे की फोरेंसिक जांच के लिए डब्ल्यूआरटीसी गोरेवाड़ा भेज दिए गए हैं। सभी संबंधित तथ्यों की पुष्टि के लिए आगे की जांच जारी है।
