परिवार ने दर्ज कराई लड़की लापता होने की रिपोर्ट, पुलिस ने कहा- हमारी गाड़ियों में डीजल नहीं, हम नहीं ढूंढ सकते

Pachpaoli Police Nagpur News: नागपुर के पांचपावली पुलिस स्टेशन में डीजल न होने का बहाना बना लापता लड़की को ढूंढने से मना करने पर विवाद खड़ा हो गया है। जानें कुछ युवाओं ने थाने जाकर क्या किया?
Family Files Missing Person Report for Girl; Police Respond: "Our Vehicles Have No Diesel We Cannot Search
थाने में पहुंचे युवा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Police No Diesel Reply: महाराष्ट्र की उपराजधानी और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह जिले नागपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने न केवल पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पूरी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पांचपावली पुलिस स्टेशन में एक लापता लड़की के परिजनों को जो जवाब मिला, उसने मानवता और खाकी की साख दोनों को चोट पहुँचाई है।

क्या है मामला?

मामला तब शुरू हुआ जब एक 21 वर्षीय युवती अपने घर से अचानक लापता हो गई। परेशान परिजन जब शिकायत दर्ज कराने और मदद मांगने पांचपावली थाने पहुंचे, तो पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाने के बजाय हाथ खड़े कर दिए। पुलिस का जवाब हैरान करने वाला था। पुलिस अधिकारी ने कहां कि थाने की गाड़ी में डीजल नहीं है, इसलिए हम ढूंढने नहीं जा सकते। इसके बाद कुछ सामाजिक कार्यकर्ता उस परिवार के साथ थाने पहुंचे व उस पुलिस अफसर को इस संवेदनहीनता पर सवाल पुंछे व कैमरे में कैद कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे युवाओं ने पुलिस की मेज पर डीजल के लिए पैसे रखे, ताकि पुलिस अपनी ड्यूटी निभाने के लिए ईंधन भरवा सके। परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने लड़की के बालिग होने की दलील देकर मामले को टालने की कोशिश की।

विजय वडेट्टीवार का तीखा हमला

इस घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति में उबाल ला दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने सरकार पर हमला बोलते हुए इसे व्यवस्था का दिवालियापन करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विज्ञापन, सेल्फी और करोड़ों के इवेंट्स के लिए तो भारी बजट है, लेकिन जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस की गाड़ियों में डीजल तक नहीं है। वडेट्टीवार ने इसे अमृतकाल के दावों के बीच सिस्टम के पूरी तरह फेल होने का काल बताया और सवाल उठाया कि अगर बड़े शहरों का यह हाल है, तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति कितनी भयानक होगी।

रोहित पवार ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता रोहित पवार ने भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री के शहर नागपुर में पुलिस डीजल की कमी के कारण लापता बेटियों को ढूंढने में असमर्थ है, तो राज्य की अन्य महिलाएं और लड़कियां खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगी? उन्होंने राहत जताई कि संबंधित लड़की सुरक्षित वापस लौट आई है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा तंत्र की पोल खोल दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com