

Make In India Defence: नागपुर जिले के रक्षा निर्माण क्षेत्र में 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 'यंत्र इंडिया लिमिटेड' (YIL) की इकाई ऑर्डिनेंस फैक्ट्री अंबाझरी ने देश में पहली बार 'हाई स्ट्रेंथ एल्युमिनियम एलॉय आर्मर प्लेट्स' की 2 किस्में विकसित की हैं।
ओएफएजे में आयोजित एक समारोह के दौरान इस स्वदेशी आर्मर प्लेट्स की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पहली खेप को विजयकुमार अय्यर निदेशक-परिचालन एवं सीएमडी, यंत्र इंडिया लिमिटेड ने अजय कुमार येरपुडे कार्यकारी निदेशक, ओएफएजे की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह पूरी खेप आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड (एवीएनएल) की चेन्नई स्थित इकाई हेवी व्हीकल फैक्ट्री, अवादी को भेजी गई है जहां इसका उपयोग भारतीय सेना के टी-90 'भीष्म' टैंकों के आमर घटकों के निर्माण में किया जाएगा।
टी-90 टैंकों के निर्माण के लिए इन विशेष आर्मर प्लेटों का अब तक विदेशों से आयात किया जाता था। हालांकि रूस-यूक्रेन संघर्ष के बाद इन आयातित प्लेटों की आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह बाधित हो गई थी।
भारत में इस विशेष सामग्री का कोई स्वदेशी स्रोत न होने के कारण एचवीएफ अवादी में टी-90 टैंकों का निरंतर उत्पादन एक गंभीर चिंता का विषय बन गया था। नागपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ओएफएजे द्वारा स्वदेशी विकल्प विकसित किए जाने से इस गंभीर रक्षा संकट का समाधान हो गया है।
यह प्लेट्स टैंकों और बख्तरबंद वाहनों को उच्च स्तरीय बैलिस्टिक सुरक्षा और मजबूती प्रदान करती हैं।
स्टील के मुकाबले एल्युमिनियम एलॉय का उपयोग होने से बख्तरबंद प्लेटफॉर्मों और रक्षा प्रणालियों के कुल वजन में कमी आती है, जिससे टैंकों की गतिशीलता बढ़ती है।
इस आर्मर प्लेट के विकास और रोलिंग प्रक्रिया के लिए हैदराबाद स्थित मिश्र धातु निगम लिमिटेड का सहयोग लिया गया।