गडकरी जी, हमें बचाइए! नागपुर में बुलडोजर ने ढहाई 200 दुकानें; 100 साल पुराना कारोबार मिट्टी में मिला

Old Bhandara Road Nagpur: पुराना भंडारा रोड चौड़ीकरण के कारण 90 वर्षों का कारोबार चौपट। किरायेदारों को नहीं मिला मुआवजा। नितिन गडकरी से पुनर्वास की गुहार।
Old Bhandara Road widening: 90 years of business ruined. Tenants haven't received compensation.
पुराना भंडारा रोड में तोड़फोड़ (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

Road Widening Compensation: मेयो हॉस्पिटल चौक से सुनील होटल तक 3 किमी लंबे डीपी रोड के चौड़ाईकरण व सीमेंटीकरण के लिए बाधित प्रॉपर्टी के हिस्से तोड़ने की कार्रवाई जोरों से जारी है। इस रोड में फिलहाल टूटे मकान, दुकानें और मलबों के ढेर नजर आ रहे हैं। दुकानदार अपने सामान निकालकर दूसरी जगहों पर शिफ्ट करने में लगे हुए हैं। प्रशासन ने लगभग 250 के करीब प्रभावितों को उनका मुआवजा देकर बाधित हिस्सों को तोड़ना जारी रखा है।

सम्पत्ति मालिकों को तो भरपूर मुआवजा मिल चुका है लेकिन जो दुकानदार किरायेदार हैं उनके सामने रोजी-रोटी का सवाल खड़ा हो गया है। ऐसे करीब 60-70 दुकानदार हैं जो बीते 90-100 वर्षों से यहां किराये से दुकान लेकर अपना कारोबार चला रहे थे। तोड़ू कार्रवाई में उनकी दुकानें टूटी हैं और टूटने वाली हैं। किरायेदारों को एक रुपया भी मुआवजा नहीं मिला है और न ही उनके पुनर्वास की कोई योजना है।

ऐसे में उनका कारोबार चौपट होने की कगार पर आ गया है। कुछ व्यापारियों ने बताया कि एसडीओ, कलेक्टर को मुआवजे का कुछ हिस्सा देने और पुनर्वास की व्यवस्था करने के लिए निवेदन दिया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

ईद के लिए स्टाक भरा

फुटवेयर व्यवसायी सोनू उर्फ कुणाल गोरडिया ने बताया कि उनके सहित सारे किरायेदार व्यापारियों ने ईद के लिए भारी मात्रा में स्टाक भरा है। अब माल को कहां ले जाएं। समझ नहीं आ रहा है। तीसरी-चौथी पीढ़ी हो गई यहां व्यवसाय करते हुए, अब बर्बादी अपनी आंखों से देख रहे हैं। अधिकतर कपड़े, फुटवियर, बैग, किराना आदि की दुकानें हैं।

मकान मालिकों ने तो मुआवजा लेकर हमें तत्काल खाली करने को कह दिया है। प्रशासन से कोई सुनवाई नहीं है। वह दस्ता लेकर सीधे तोड़ने की कार्रवाई कर रहा है। व्यापारी खून के आंसू रो रहे हैं। परिवार चलाने की चिंता खाये जा रही है। हताशा घर कर रही है।

गडकरी से लगाई गुहार

एक अन्य कपड़ा व्यवसायी ने कहा कि केलीबाग रोड, महल, कलमना के दुकानदारों को नया मार्केट बनाकर उन्हें जगह दी जा रही है। इतना ही नहीं, सीताबर्डी के हॉकर्स के लिए भी जगह की व्यवस्था की गई। उसी तर्ज पर पुराना भंडारा रोड के किरायेदार व्यापारियों के पुनर्वास के लिए व्यवस्था की जानी चाहिए। व्यापारियों ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से गुहार लगाई है कि वे इस संदर्भ में सहानुभूतिपूर्वक विचार करें।

200 के करीब बाधित प्रॉपर्टी तोड़ी गईं

बीते 3-4 दिनों में तोड़ू दस्ते ने पुराना भंडारा रोड की लगभग 200 से अधिक बाधित दुकानों व मकानों पर बुलडोजर चलाया है। इस रोड पर फिलहाल किसी तबाही सा मंजर दिख रहा है। प्रशासन द्वारा केवल उन सम्पत्तियों के हिस्सों पर हथौड़ा चलाया गया है जिनके लिए मुआवजा दिया जा चुका है।

Navbharat Live
navbharatlive.com