नितिन गडकरी का ‘नागपुर मॉडल’, वाठोड़ा में भरी चुनावी हुंकार, बोले- 2 साल में साफ होगी नाग नदी
Nitin Gadkari Nagpur Speech: नितिन गडकरी ने नागपुर के वाथोडा में बीजेपी के लिए प्रचार किया। उन्होंने मेट्रो विस्तार, कचरे से CNG प्रोजेक्ट और भारत के पहले दिव्यांग पार्क पर बात की।
- Written By: प्रिया जैस
नितिन गडकरी (सौजन्य-नवभारत)
Wathoda BJP Rally: नागपुर शहर के विकास की गति को बनाए रखने, स्थिर नेतृत्व, पारदर्शी प्रशासन के लिए आगामी मनपा चुनाव में भाजपा-शिवसेना महायुति को वोट देने की अपील केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की। वे वाठोड़ा में चुनाव प्रचार सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमने जो कार्य किया है उसका श्रेय सच्चे अर्थ में शहर की जनता को जाता है। अगर आपने हमें आशीर्वाद नहीं दिया होता तो हम यह कर नहीं सकते।
आपने हमें चुना, ताकत दी, इसलिए काम कर पाए। इस बार भी भाजपा के चारों उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि सौ बीमारी का एक ही इलाज है, कमल का बटन दबाओ। जिस तरह बैंक लोन के लिए गारंटी देनी होती है उसी तरह इन नगरसेवक उम्मीदवारों की दो गारंटी हैं। एक मैं और दूसरे विधायक कृष्णा खोपड़े। चुनकर आने के बाद ये आपके सारे कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व नागपुर से मुझे लोस चुनाव में एक लाख की लीड दी थी। इस चुनाव में 100 फीसदी सफलता बीजेपी को मिलनी चाहिए। एक-एक कार्यकर्ता 25 परिवारों से संपर्क करें, वोट कराएं। आपकी आशा, आकांक्षा व सपना पूर्ण करने का मैं वचन देता हूं। इस दौरान विधायक कृष्णा खोपड़े, प्रभाग के उम्मीदवार धर्मपाल मेश्राम, बंटी कुकड़े, सीमा ढोमणे, शरद बारई सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे हादसे से भी नहीं लिया सबक; नागपुर में आबकारी विभाग की नाक के नीचे धधक रही हैं जहरीली’ हाथभट्टियां
नागपुर में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा प्रहार, सीपी के आदेश पर एक्शन; 22 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
नागपुर: कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी; 7 दमकल गाड़ियां मौके पर घंटों बाद पाया काबू
नागपुर से पुणे तक फैले ई-सिगरेट रैकेट पर क्राइम ब्रांच का बड़ा वार, 16 लाख की सामग्री जब्त
कांग्रेस पर कसा तंज
गडकरी ने कांग्रेस के शासनकाल व नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उसके नेताओं ने अपने परिवार का ही भला किया। इंजीनियर, मेडिकल, बीएड कॉलेज खोले। हमने सरकारी कॉलेज खोले हैं। कांग्रेस ने क्या किया। कुछ नहीं मिला तो बस प्राथमिक शाला, उस पर भी शिक्षकों का आधा पगार अंदर। इंदिरा गांधी जिंदाबाद, राजीव गांधी जिंदाबाद, मेरा भारत महान…यही नारा चलता था। एक पाव डटाओ हो गया विकास।
गडकरी ने कहा कि अपने कार्यकाल में हमने सिटी का चेहरा-मोहरा बदल दिया है। 4 महीने में मेट्रो के लिए फीडर बस सेवा शुरू की जाएगी। मेट्रो में भीड़ होने लगी है। अब 3 की जगह 6 डिब्बे करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि खोपड़े के नेतृत्व में पारडी का अच्छा विकास हुआ है। पारडी उड़ान पुल बनाया, दुर्घटना बंद हुई। मेयो हॉस्पिटल रोड फोर लेन करने का काम शुरू है जो 2 वर्ष में पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें – 32 बागियों का निलंबन भाजपा को पड़ेगा भारी? नागपुर में आपस में भिड़े पार्टी के दिग्गज!
उन्होंने उम्मीदवारों से कहा कि जीतकर आएं तो अपने इलाके के आवारा कुत्तों की समस्या का निराकरण प्राथमिकता से करना। उन्होंने कहा कि यहां के नागरिकों को कचरा डिपो से तकलीफ होती है। नीदरलैड की कंपनी इस कचरे से प्लास्टिक, ग्लास मेटल अलग कर सीएनजी बनाएगी। मार्च महीने में इस प्रकल्प का उद्घाटन करेंगे। सारा कचरा हट जाएगा। कचरा संकलन नियमित होता नहीं। मजदूरों की संख्या कम है। इस समस्या का निराकरण करेंगे।
देश का पहला दिव्यांग पार्क
नितिन गडकरी ने कहा कि पूर्व नागपुर में देश का पहला दिव्यांग पार्क बनाया गया। बड़ा चार्जिंग स्टेशन बना है जिसमें 500 को रोजगार मिला है। सिम्बायोसिस लाए, जिसमें 10 हजार विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। देश व विदेश में लाखों के पैकेज पर यहां से बच्चे जा रहे हैं। केजी टू पीजी के लिए नरसी स्कूल ला रहे हैं। पूर्व नागपुर एजुकेशन हब हो रहा है। खोपड़े भांडेवाड़ी में 400 बेड का हॉस्पिटल ले आए। सारी झोपड़पट्टी में कंक्रीट रोड हो गया।
सारे पुराने मार्केट गिराकर अत्याधुनिक बड़े सुविधाजनक मार्केट बना रहे हैं। नाग नदी प्रकल्प का काम शुरू हो गया है। 2-4 वर्ष में नाग नदी शुद्ध हो जाएगी। अंभोरा तक नाव चलाने का सपना है। वह भी पूरा होगा। फुटाला में म्युजिकल फाउंटेन तैयार किया। कोर्ट में कुछ लोग गए। हम जीत गए हैं। आपके आशीर्वाद से ही सारे कार्य किये हैं। पानी की समस्या खत्म हो गई है।
इनर रिंग रोड पर रोपवे वाली 135 सीटर बस शुरू करने की योजना है। 107 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में नागपुर से शुरू कर रहे हैं। उन्होंने शांतिनगर घाट और उत्तर नागपुर में कलमना में भी सभा को संबोधित किया और विकास की गति बढ़ाने के लिए भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
