नागपुर में बोले गडकरी: 12 वर्षों में हुआ देश का अभूतपूर्व विकास, 'डबल इंजन' सरकार ने की सिर्फ विकास की राजनीति

Nagpur Welfare Schemes: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।
Gadkari speaks in Nagpur: The country has witnessed unprecedented development over the last 12 years; the 'double-engine' government has pursued a politics solely focused on development.
नितिन गडकरी, मोदी सरकार, 12 साल, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Infrastructure Growth: भाजपा नीत मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश ने सभी क्षेत्रों में जिस गति से विकास किया है उसका हिसाब लगाना मुश्किल है। इन 12 वर्षों में महाराष्ट्र व नागपुर शहर व जिले में भी इतने कार्य हुए हैं जो कभी नहीं हुए। डबल इंजन सरकार ने जात-पात-पंथ न देखते हुए विकास की राजनीति ही की। यह कहना है केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का। वे केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के निमित्त सरकार के कार्यों का लेखा-जोखा रख रहे थे।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व सांसद अजय संचेती, विधायक प्रवीण दटके आदि उपस्थित थे। उन्होंने मोदी के शासनकाल में देश में हुए बड़े बदलाव और आम जनजीवन में आए परिवर्तन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए जिससे युवा, महिलाएं, किसान, गरीबों की जिंदगी बदल गई।

उन्होंने बताया कि 4 करोड़ गरीबों को घर, 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन, 16 करोड़ घरों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराया गया। 58 करोड़ गरीबों के जीरो बैलेंस बैंक खाते खुलवाये गए और गरीब कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से नये भारत की दिशा में यात्रा शुरू की है।

पेट्रोल-डीजल की निर्भरता होगी

खत्म: गडकरी ने दावा किया कि भविष्य में भारत को पेट्रोल व डीजल के लिए अन्य देशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कचरा व्यवस्थापन व बायो फ्यूल पर कहा कि एक समय आएगा जब लोग कचरे के लिए झगड़ेंगे। आज 100 फीसदी इथेनाल पर चलने वाली मारुति वैगन आर लांच हुई है। 3 महीनों में हाइड्रोजन पंप शुरू होने वाला है।

जनता का हम पर इतना विश्वास है कि युद्ध शुरू है और जो बांड जारी किया था 7 दिन में सारे बिक गए। पहले देश में डेढ़ करोड़ लोग पेडल रिक्शा से लोगों के बोझ ढोते थे। आज ई-रिक्शा ने मानवीय शोषण बंद की है। देश में 12 बड़े व 200 छोटे पोर्ट विकसित कर उन्हें सड़क से जोड़ रहे हैं।

हवाई चप्पल पहनने वाले विमान से यात्रा कर रहे हैं। डीबीटी सिस्टम से दलाल व भ्रष्टाचार से मुक्ति मिली है और लोगों के खातों में सीधे पूरी राशि जमा हो रही है। बैंक का एनपीए संकट खत्म हुआ और गरीबों को सहज कर्ज मिल रहा है।

1.6 लाख रुपये स्टार्टअप विकसित हुए

रोजगार सृजन के क्षेत्र में मुद्रा योजना के तहत 57 करोड़ लाभार्थियों को लगभग 35 लाख करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, जिससे लघु उद्यमियों और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को लाभ मिला। 1.6 लाख स्टार्टअप और 118 यूनिकॉर्न विकसित हुए हैं। स्किल इंडिया मिशन के तहत पिछले 12 वर्षों में 5 करोड़ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया। लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। देश अब 65 फीसदी हथियार खुद बना रहा है। दुनिया के 100 देश हमसे हथियार खरीद रहे हैं और निर्यात का आंकड़ा 38,400 करोड़ के पार हो गया है। 2014 में 90 फीसदी मोबाइल फोन आयात करते थे। आज निर्यात कर रहे हैं।

साढ़े 3 घंटे में हैदराबाद

गडकरी ने बताया कि नागपुर से हैदराबाद एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी मात्र साढ़े तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी। 12 वर्ष पूर्व देश में नेशनल हाईवे 91,287 किमी था। आज 1.46 लाख किमी का जाल बिछ गया है। रोज 34 किमी हाईवे बनाया जा रहा है। दुर्गम भागों में अनेक टनल बनाए गए हैं। 90 से अधिक नये विमानतल बनाए गए और कुल संख्या 164 पर आ गई है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय देशभर में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित कर रहा है। 1600 प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे जिसमें से 24 शुरू हो चुके हैं। 10 लाख नागरिकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सभी केंद्र चालू होने के बाद प्रतिवर्ष लगभग 1.15 करोड़ लोगों को वाहन चालक प्रशिक्षण मिल सकेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

1 लाख करोड़ के कार्य शुरू

उन्होंने यह भी बताया कि नागपुर का इंदोरा-दिघोरी फ्लाईओवर अंतिम चरण में है और इसे 1 अगस्त 2026 से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। शहर व जिले में करीब 1 लाख करोड़ रुपयों के विविध विकास कार्य शुरू होने की जानकारी उन्होंने दी।।

इनमें कॉटन मार्केट पुनर्विकास परियोजना (चरण 1 एवं 2), इतवारी बाजार, दही बाजार, संतरा मार्केट, नेताजी मार्केट, कमाल चौक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, बुधवार बाजार, महाल पुनर्विकास परियोजना तथा सक्करदरा बुधवार बाजार पुनर्विकास परियोजना शामिल हैं।

इसके अलावा दामा स्थित एग्रो कन्वेंशन सेंटर, सोख्ता भवन पुनर्विकास, मोर भवन तथा गणेशपेठ बस स्टेशन पुनर्विकास जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्पों पर भी कार्य चल रहा है। नागपुर मेट्रो के तीसरे चरण का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 25 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। 2 से 3 मीटर ऊंचाई वाले पौधे लगाए जाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com