नागपुर में महंगाई के खिलाफ शरद पवार गुट का थाली बजाओ आंदोलन; गैस-पेट्रोल के दामों पर सरकार को घेरा

Nagpur News: बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के खिलाफ नागपुर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने सड़कों पर उतरकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ थाली बजाओ आंदोलन किया।
NCP Sharad Pawar Faction Thali Bajao Protest In nagpur
नागपुर में महंगाई खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते शरद पवार गुट के कार्यकर्ता (फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

NCP Sharad Pawar Faction Thali Bajao Protest: नागपुर के संविधान चौक पर बढ़ती महंगाई को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महिला शहर अध्यक्ष प्रिया फुके के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथ में गैस सिलेंडर लेकर और थाली बजाकर प्रदर्शन किया। विपक्ष ने इस आर्थिक संकट के लिए पूरी तरह सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।

बढ़ती कीमतों से त्रस्त जनता

देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ईंधन के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की लागत भी तेजी से बढ़ी है, जिससे मध्यमवर्ग और गरीब परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं। इसी जन-असंतोष को आवाज देने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने नागपुर में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।

महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और शरद पवार गुट के नेता अनिल देशमुख और नागपुर शहर अध्यक्ष दुनेश्वर पेठे के मार्गदर्शन में आयोजित इस आंदोलन में भारी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। थाली बजाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों का विरोध किया गया।

नागपुर के संविधान चौक में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान शरद पवार गुट के कार्यकर्ताओं ने हाथ सिलेंडर लेकर बढ़ती महंगाई की ओर ध्यान खींचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथ में बैनर पोस्टर लिए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमरक नारेबाजी की।

दुनेश्वर पैठे ने सरकार को दी चेतावनी

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नागपुर शहर अध्यक्ष दुनेश्वर पैठे ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की देवेंद्र फडणवीस सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा अन्य जीवनावश्यक वस्तुओं के दामों में कमी नहीं की गई तो शहर में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।

शरद पवार गुट की नागपुर महिला शहर अध्यक्ष प्रिया फुके ने कहा कि महंगाई से आम नागरिक, मजदूर एवं किसानों का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। यह स्थिति केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है और इसके लिए दोनों सरकारें जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से मांग की गई कि वह आम महिलाओं, गृहणियों और परिवारों पर महंगाई का जो भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, उसे कम करने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए। घरेलू LPG सिलेंडर, जरूरी चीजों और रोजमर्रा के खर्चों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी आम नागरिकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। महिलाओं के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। हमारी मांग है कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान दे और तुरंत राहत प्रदान करे।

नागपुर के संविधान चौक पर हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के आंदोलन में शैलेन्द्र तिवारी, महेंद्र भांगे, एसबी अहमद, वर्षा शामकुले, देवेंद्र घरडे, मोरेश्वर जाधव, विजय येंदे, नंदकिशोर माटे, शरद साहु, गोपाल ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com