नागपुर पर गहराया भीषण जल संकट, तोतलाडोह और कन्हान में आधा घटा पानी, 10% कटौती की तैयारी में मनपा

Nagpur Water Crisis Cut NMC: नागपुर में जल संकट गहराने की आशंका। तोतलाडोह और कन्हान में जलस्तर घटने से 10% पानी कटौती की तैयारी, रोजाना 74 एमएलडी आपूर्ति हो सकती है कम।
Nagpur Water Crisis Totladoh Kanhan Reservoir
नागपुर जल संकट तोतलाडोह कन्हान जलाशयसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • तोतलाडोह और कन्हान जलाशयों में पिछले साल की तुलना में आधे से भी कम पानी बचा।

  • राज्य सरकार ने जल वितरण में 10 प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए।

  • नागपुर को रोजाना 740 एमएलडी कच्चे पानी की आपूर्ति होती है।

  • पाइपलाइन लीकेज, चोरी और अवैध कनेक्शनों से प्रतिदिन 259 एमएलडी पानी का नुकसान।

  • कटौती लागू होने पर शहर की रोजाना आपूर्ति में 74 एमएलडी की कमी आएगी।

Nagpur Water Crisis Totladoh Kanhan Reservoir: तोतलाडोह और कन्हान जलाशयों में जलस्तर घटने से नागपुर में जल संकट गहराने की आशंका है। राज्य सरकार के 10 प्रतिशत पानी कटौती के निर्देश के बाद मनपा ने तैयारी शुरू कर दी है। कटौती लागू होने पर रोजाना 74 एमएलडी पानी की आपूर्ति कम हो सकती है।

नागपुर में पानी कटौती की तैयारी

नागपुर शहर में आने वाले दिनों में जल संकट और गहरा सकता है। तोतलाडोह और कन्हान जलाशयों में जलस्तर लगातार घटने से नागपुर की जलापूर्ति पर संकट मंडराने लगा है। राज्य सरकार की ओर से पानी वितरण में 10 प्रतिशत कटौती करने के निर्देश दिए जाने के बाद महानगरपालिका ने भी तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि कटौती कब से और किस अनुपात में लागू होगी, इस पर अंतिम निर्णय होना बाकी है।

सूत्रों के अनुसार, पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठक के बाद इस संबंध में फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल जलसंपदा विभाग के निर्देशों पर अमल को लेकर प्रशासन स्तर पर विचार-विमर्श जारी है।

औसत की केवल 64 प्रतिशत बारिश

जिले में इस मानसून सीजन में औसत बारिश का महज 64 प्रतिशत ही दर्ज किया गया है। कम बारिश और अल नीनो के प्रभाव के कारण राज्य के जलाशयों पर दबाव बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए सरकार ने उपलब्ध पानी के वितरण में पीने के पानी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और 10 प्रतिशत हिस्सा आपातकालीन जरूरतों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

Nagpur Water Crisis Totladoh Kanhan Reservoir
फिर CM बनेंगे एकनाथ शिंदे? 3-4 महीनों में महाराष्ट्र में बड़े सियासी उलटफेर के संजय शिरसाट ने दिए संकेत!

रोजाना 259 एमएलडी पानी हो रहा बर्बाद

नागपुर को तोतलाडोह और कन्हान जलस्रोतों से रोजाना करीब 740 एमएलडी कच्चे पानी की आपूर्ति होती है। लेकिन इसमें से लगभग 259 एमएलडी पानी हर दिन बिना राजस्व के बर्बाद हो जाता है। पाइपलाइनों में रिसाव, पानी की चोरी, अवैध नल कनेक्शन और गैर-बिलिंग को इस नुकसान की प्रमुख वजह बताया गया है।

Nagpur Water Crisis Totladoh Kanhan Reservoir
नागपुर में Love मैरिज के विरोध-धमकी से तंग आकर 21 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, प्रेमिका के परिवार के 6 पर FIR

10 प्रतिशत कटौती से 74 एमएलडी की कमी

यदि शहर में 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू होती है तो रोजाना की आपूर्ति में करीब 74 एमएलडी की कमी आएगी। इसका असर नागरिकों की जलापूर्ति पर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में एक दिन छोड़कर पानी देने या कम दबाव से जलापूर्ति करने जैसे विकल्प अपनाए जा सकते हैं।

मनपा का दावा है कि पाइपलाइनों की मरम्मत और अवैध कनेक्शनों को नियमित करने के जरिए रोजाना 50 एमएलडी पानी बचाया जा रहा है। हालांकि जलाशयों में पिछले साल की तुलना में आधे से भी कम पानी उपलब्ध होने और प्रतिदिन 259 एमएलडी के नुकसान को देखते हुए यह बचत पर्याप्त नहीं मानी जा रही है।

समीक्षा बैठक के बाद होगा अंतिम फैसला

महापौर नीता ठाकरे के अनुसार, सरकार की ओर से पानी कटौती के निर्देश मिले हैं। शनिवार को पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले स्थिति का जायजा लेंगे। कटौती का फैसला लेना जरूरी हो गया है, लेकिन इसकी सटीक मात्रा तय करने के लिए विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है।