

नागपुर के वानाडोंगरी की घटना, मृतक की उम्र 21 वर्ष।
विशाल जवादे का युवती से चार साल से प्रेम संबंध था।
दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन रिश्ते के खिलाफ थे।
परिजनों पर गालीगलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप।
एमआईडीसी पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया।
Nagpur Suicide Case Inter Caste Marriage Dispute: नागपुर के वानाडोंगरी में प्रेम संबंध और अंतरजातीय विवाह के विरोध के चलते 21 वर्षीय विशाल जवादे ने जहरीली दवा पीकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने उसे धमकाया और उसके साथ मारपीट की। एमआईडीसी पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नागपुर, प्रेम संबंध और अंतरजातीय विवाह का विरोध एक 21 वर्षीय युवक की आत्महत्या की वजह बन गया। नागपुर वानाडोंगरी में प्रेमिका के परिजनों द्वारा कथित तौर पर दी गई धमकी, गालीगलौज और मारपीट से परेशान होकर युवक ने जहरीली दवा पी ली। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में एमआईडीसी पुलिस ने प्रेमिका के परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
मृतक की पहचान विशाल जवादे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विशाल का 20 वर्षीय युवती रंजना (बदला हुआ नाम) के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों को दूसरे समाज में यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
आरोप है कि युवती के परिजन विशाल के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने विशाल और उसकी मां के साथ गालीगलौज की और हाथापाई भी की। विशाल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने विशाल को युवती से संबंध खत्म करने की धमकी दी थी। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि यदि उसने रिश्ता नहीं तोड़ा तो वे उसे जान से मारकर जेल चले जाएंगे या उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर देंगे, लेकिन दोनों की शादी नहीं होने देंगे।
इस घटनाक्रम से परेशान होकर विशाल ने जहरीली दवा पीकर अपनी जान दे दी। शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने प्रेमिका के परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। नागपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।