नागपुर में जर्जर सड़क बनी खतरा, गड्ढों से जूझते ग्रामीण-विद्यार्थी; बस सेवा प्रभावित-हादसों का खतरा बढ़ा

Nagpur Road Condition: वारंगा से IIIT मार्ग की जर्जर सड़क से ग्रामीण और छात्र परेशान, गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा, तत्काल मरम्मत की मांग तेज।
Dilapidated Road in Nagpur Becomes a Hazard; Villagers and Students Struggle with Potholes—Bus Services Disrupted, Risk of Accidents Rises.
वारंगा रोड समस्या( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Nagpur Waranga Road Damage: नागपुर वारंगा से लेकर आईआईआईटी विश्वविद्यालय तक जाने वाली डामर सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रापं वारंगा क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

इस मार्ग की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है, जिससे आवागमन करना अत्यंत कठिन और जोखिमभरा बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे न केवल निजी वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि हाल ही में शुरू की गई बस सेवा भी प्रभावित हो रही है।

बसों को इस मार्ग से गुजरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं साइकिल से तथा ग्रामीण दोपहिया वाहनों से बूटीबोरी की ओर यात्रा करते हैं। लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विशेष रूप से बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार छात्र और नागरिक सड़क की खराब हालत के कारण फिसलकर गिर चुके हैं और घायल भी हुए हैं।

लगातार हो रही बारिश ने सड़क की हालत को और बिगाड़ दिया है, जिससे भविष्य में गंभीर हादसों की आशंका जताई जा रही है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि इस सड़क की तत्काल मरम्मत की जाए, सभी गड्डों को भरा जाए और सड़क का मजबूतीकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

4 वर्ष से जस की तस समस्या

यह सड़क पिछले चार वर्ष से खराब स्थिति में है, लेकिन संबंधित विभाग इस सड़क को बनाने की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों का कृषि का सारा माल इसी मार्ग से जाता है। इसके बाद भी संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

- वारंगा, सरपंच, स्नेहा थूल

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com