वाड़ी में भारी तनाव! शिक्षक संदेश राउत की मौत के बाद भड़का गुस्सा, थाने पहुंचे सैकड़ों लोग

Nagpur Wadi Police Station Protest: नागपुर के वाड़ी में तनाव! शिक्षक संदेश राउत के शव के साथ थाने का घेराव। परिजनों का आरोप- 'हादसा नहीं, यह हत्या है'। पुलिस जांच के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला।
High tension in Nagpur's Wadi as relatives protest with teacher Sandesh Raut's body, alleging murder staged as an accident. Police promise deep probe.
वाड़ी में प्रदर्शन (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Teacher Sandesh Raut Death: नागपुर में सड़क हादसे में हुई शिक्षक की मौत को हत्या बताते हुए परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने शव के साथ वाड़ी थाने का घेराव कर दिया। इस घटना से शनिवार को दोपहर में क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दिया जिसके बाद स्थिति शांत हुई। मृतक नवनीतनगर, अमरावती रोड निवासी संदेश प्रल्हाद राऊत (43) बताए गए।

पुलिस के अनुसार संदेश ट्यूशन क्लास चलाते थे। वर्ष 2010 में उनका विवाह हुआ था, लेकिन पारिवारिक कलह के चलते उनकी पत्नी उनसे अलग हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहते थे। बताया जाता है कि 3 मार्च की सुबह 5 बजे संदेश अपने घर से एम।एच।40-बी।एन-0589 नंबर की मोपेड से निकले थे।

मोपेड को मारी थी टक्कर

इसी दौरान काटोल रोड पर फ्रेंड्स कॉलोनी के पास किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी मोपेड को टक्कर मार दी, जिससे संदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि संदेश के हादसे से कुछ दिन पहले 5-6 लोग उनके घर आए थे और उन्हें मारपीट कर धमकी दी थी।

इस घटना की शिकायत भी वाड़ी पुलिस में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने दुर्घटना का रूप देकर संदेश की हत्या की। आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन व स्थानीय नागरिक संदेश के शव के साथ वाड़ी पुलिस थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी सतीश गुरव अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तथा वाड़ी के थानेदार राजेश तटकरे ने परिजनों को समझाते हुए मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति शांत हुई। बाद में संदेश का अंतिम संस्कार शोकाकुल माहौल में किया गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए नवनीतनगर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com