लापता पति को वापस लाने के नाम पर महिला से दरिंदगी, तंत्र-मंत्र का झांसा देकर ढोंगी तांत्रिक ने किया दुष्कर्म
Nagpur Crime News: नागपुर में एक महिला को अपने लापता पति की तलाश भारी पड़ गई। तंत्र-मंत्र के नाम पर मदद का झांसा देकर एक ढोंगी बाबा ने महिला का शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur Fake Baba Arrested: महाराष्ट्र के नागपुर से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवता और विश्वास को शर्मसार कर दिया है। जहां एक तरफ एक मजबूर महिला अपने लापता पति की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रही थी, वहीं दूसरी ओर एक ढोंगी तांत्रिक ने उसकी लाचारी का फायदा उठाकर उसकी अस्मत के साथ खिलवाड़ किया। यह मामला सक्करदरा थाना क्षेत्र का है, जहाँ आस्था और उम्मीद के नाम पर एक घिनौना खेल खेला गया।
मजबूरी का उठाया फायदा
पीड़ित महिला, जो दूसरों के घरों में काम कर अपना गुजारा करती है, पिछले कई महीनों से गहरे मानसिक तनाव में थी। जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को उसका पति अचानक बिना किसी सूचना के घर से लापता हो गया था। महिला ने अपने स्तर पर हर संभव कोशिश की, लेकिन पति का कोई सुराग नहीं मिला। इसी हताशा के बीच उसकी मुलाकात ताहीर राशिद बेग नामक व्यक्ति से हुई। आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र का बड़ा जानकार बताते हुए दावा किया कि वह अपनी ‘शक्तियों’ से उसके पति को वापस घर बुला लेगा।
भरोसे की आड़ में दरिंदगी
पति के वियोग में तड़प रही महिला ने आरोपी की बातों पर आंख मूंदकर भरोसा कर लिया। आरोपी ने पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के बहाने महिला को अपने जाल में फंसाया और एकांत का लाभ उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब महिला को यह समझ आया कि उसे पति वापस दिलाने के नाम पर केवल लूटा और शोषित किया जा रहा है, तो उसने हिम्मत जुटाई और कानून का सहारा लेने का फैसला किया।
सम्बंधित ख़बरें
शिंदे सेना में बगावत की आहट: निधि वितरण को लेकर असंतोष, क्या भाजपा की ओर बढ़ रहे शिंदे के सिपाही?
शकुंतला रेलवे ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, डीपीआर रेलवे बोर्ड को सौंपा गया
अमरावती शहर लाईफ लाईन के रात को रूक सकते है पहिए! नींद से जागी मनपा, होगी बैठक
NEET पेपर लीक पर बच्चू कडू का बड़ा बयान, दोषियों को कठोर सजा की मांग
यह भी पढ़ें:- नागपुर में RSS मुख्यालय के पास मिले 15 जिलेटिन और 50 डिटोनेटर, पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील, मचा हड़कंप
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर नागपुर की सक्करदरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी ताहीर राशिद बेग को अंजनगांव, डब्बीपुरा से धर दबोचा। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी प्रमोद पोरे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस आरोपी ने पहले भी किसी अन्य महिला को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।
