नागपुर में काल बनकर दौड़े वाहन: 24 घंटे में 3 दर्दनाक मौतें, टैंकर ने युवक को कुचला, दो की पहचान नहीं
Nagpur News: नागपुर में सड़क हादसों का कहर जारी है। कामठी में टैंकर की टक्कर से युवक की मौत हो गई, जबकि बेलतरोड़ी और सक्करदरा में अज्ञात वाहनों ने दो लोगों की जान ले ली।
Nagpur Road Accident: संतरा नगरी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के भीतर तीन भीषण सड़क हादसे हुए। इन दुर्घटनाओं में तीन लोगों ने अपनी जान गंवाई है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन दो मृतकों की शिनाख्त अब भी एक चुनौती बनी हुई है।
1. कामठी: टैंकर ने बाइक सवार को रौंदा
पहली घटना न्यू कामठी थाना क्षेत्र की है। गोंदिया के देवरी निवासी सतीश पुष्पराज कुमेटी (30) शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल (MH-35/AT-2876) से घर जा रहे थे। जब वे जबलपुर आउटर रिंग रोड पर लिहिगांव स्थित खांडेकर ढाबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर (MH-40/BL-3701) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें कामठी के उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सम्बंधित ख़बरें
लाइब्रेरी में असुविधाओं पर भड़के विधायक मिलिंद नरोटे, नपं प्रशासन को फटकार लगा एसी लगाने के दिए निर्देश
जवाहरनगर आयुध निर्माणी के एसिड सेक्शन में लगी भीषण आग; एक कर्मचारी सहित तीन ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे
‘इन्विजनिंग इंडिया’ के दूसरे संस्करण का विमोचन, संजय देशमुख की पुस्तक में 2047 के विकसित भारत का रोडमैप
गोंदिया: सड़क पर ‘जंगल के राजा’ की नाकाबंदी; हाथी ने वन अधिकारियों का काफिला रोका, रोमांचक वीडियो हुआ वायरल
2. बेलतरोड़ी: टोल नाके के पास अज्ञात वाहन की टक्कर
दूसरा हादसा बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के पांजरी टोल नाका के पास हुआ। रात करीब 11:00 बजे समाधान रेस्टोरेंट के पास एक अज्ञात वाहन ने राहगीर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
3. सक्करदरा: पार्किंग में सो रहे व्यक्ति पर चढ़ा दिया वाहन
तीसरी हृदयविदारक घटना सक्करदरा थाना अंतर्गत बड़ा ताजबाग के समोसा ग्राउंड में हुई। शुक्रवार तड़के 4:00 बजे एक अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही का परिचय देते हुए पार्किंग में सो रहे करीब 40 वर्षीय व्यक्ति के पैरों को कुचल दिया। घायल को तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान रात 8:00 बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस इन दोनों अज्ञात मामलों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालकों का पता लगाया जा सके।
