नागपुर में बसों की एंट्री बैन, पुलिस ने शुरू किया एक्शन, 56 संचालकों के खिलाफ मामले दर्ज

Nagpur City News: नागपुर में ट्रैफिक जाम कम करने सिटी पुलिस ने 8 से 10 बजे तक निजी बसों के पिकअप-ड्रॉप पर रोक लगाई है। अब तक 56 बसों पर कार्रवाई हो चुकी है।
nagpur-private-bus-entry-ban-traffic-action
नागपुर में बसों के खिलाफ कार्रवाई करते ट्रैफिक पुलिसकर्मी (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Traffic News: नागपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम के मद्देनजर ट्रैवल्स बसों के में प्रवेश को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पहले दिन 26 बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। दूसरे दिन गुरुवार को पुलिस ने सिटी में ट्रैवल्स बसों के प्रवेश को लेकर धारा 223, धारा 281 और मोटर वाहन एक्ट के तहत कुल 56 मामले दर्ज किए।

नये नियमों के अनुसार सिटी पुलिस ने सुबह 8 से रात 10 बजे तक शहर में निजी बसों के पिकअप और ड्रॉप पर रोक लगाई है। यह व्यवस्था आगामी 12 सितंबर तक जारी रहेगी। इसी के तहत गुरुवार को कार्रवाई करते हुए सभी 10 ट्रैफिक जोन अंतर्गत 56 मामले दर्ज किए गए।

सर्वाधिक मामले सदर जोन में दर्ज हुए हैं। सदर जोन में धारा 223 के तहत 1 और धारा 281 के तहत 11 ऐसे कुल 12 मामले दर्ज किए गए। वहीं एमआईडीसी जोन, बर्डी जोन और लकड़गंज जोन प्रत्येक में 3 मामले दर्ज किए गए।

जोन अनुसार दर्ज किए गए मामले

क्रमांक ट्रैफिक जोन दर्ज मामले
1 MIDC 3
2 सोनेगांव 10
3 सदर 12
4 बर्डी 3
5 कॉटन मार्केट 4
6 लकड़गंज 3
7 अजनी 5
8 सक्करदरा 7
9 इंदोरा 4
10 कामठी 5
कुल 56

12 सितंबर तक रहेगी व्यवस्था

विकास कार्यों, संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी ट्रैवल्स बसों के रुकने से यातायात की समस्या और भी बदतर हो गई है। इससे ट्रैफिक जाम, वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है। इस संबंध में ट्रैवल्स बसों का सिटी में संचालन से रोक लगाई गई है। यह व्यवस्था आगामी 12 सितंबर तक जारी रहेगी। इस दौरान पुलिस बसों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगी।

जाम मुक्त हुए कई मुख्य चौराहे

ट्रैफिक पुलिस की बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम नजर आ रहा है। बस संचालकों के खिलाफ सख्ती और कार्रवाई के चलते गुरुवार को भी सिटी के कई मुख्य चौराहे जाम से मुक्त नजर आए। बता दें कि आज्ञाराम देवी चौक से जाधव चौक और जाधव चौक से डालडा कंपनी चौक तक निजी बसों के कारण आए दिन जाम लगता था।

कार्रवाई के चलते क्षेत्र खाली-खाली रहा और सैकड़ों चालकों को जाम से राहत मिली। वहीं वर्धा रोड पर छत्रपति चौक समेत अधिकतर मार्ग पर पीक ऑवर्स में निजी बसों के संचालन से हजारों चालक त्रस्त थे। गुरुवार को वर्धा रोड के मुख्य चौराहों पर भी ट्रैफिक समस्या उत्पन्न नहीं हुई। अन्य चौराहों और सड़कों पर भी लोगों ने ट्रैफिक जाम राहत की सांस ली।

मध्य प्रदेश बस स्टैंड का उपयोग हुआ शुरू

बता दें कि मध्य प्रदेश जाने वाली अधिकतर बसें रेलवे स्टेशन और गणेश टेकड़ी रोड पर ही खड़ी देखी जा सकती थीं। हालांकि यहां निजी बस ट्रैवल्स के लिए पार्किंग स्थल उपलब्ध है लेकिन इसका उपयोग शायद ही कभी होता हो।

बस संचालक सड़कों पर बसें खड़ी कर सवारियों को पिकअप और ड्रॉप करते थे। अब पुलिस की सख्त कार्रवाई के चलते एमपी बस स्टैंड का उपयोग शुरू हो गया है। इन बसों को बस स्टैंड के अंदर ही खड़ा देखा जा सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com