अंबाझरी की 44 एकड़ जमीन वापस लेगी मनपा, एमटीडीसी की विफलता के कारण थीम पार्क योजना स्थगित
Ambazari Theme Park : एमटीडीसी की विफलता के कारण अंबाझरी थीम पार्क योजना ठप। मनपा अब 44 एकड़ जमीन वापस लेगी, जो 2017 में 30 साल की लीज पर दी गई थी।
- Written By: आंचल लोखंडे
अंबाझरी की 44 एकड़ जमीन वापस लेगी मनपा (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Nagpur News: अंबाझरी में प्रस्तावित थीम पार्क योजना अब पूरी तरह ठंडे बस्ते में चली गई है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस योजना को वर्ष 2021 तक पूरा किया जाना था। इसके लिए मनपा ने यह जमीन महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) को सौंपी थी। एमटीडीसी ने थीम पार्क विकसित करने के लिए यह जमीन एक निजी कंपनी को 30 वर्ष की लीज पर दी थी, लेकिन डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक को लेकर हुए विवाद के बाद एमटीडीसी और निजी कंपनी दोनों ही इस योजना को पूरा करने में विफल रहे।
नतीजतन अब मनपा ने यह 44 एकड़ जमीन वापस लेने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मनपा ने एक प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे जल्द ही मनपा आयुक्त की ओर से जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। अंबाझरी की यह 44 एकड़ जमीन नजूल की है और इसका प्रबंधन मनपा के पास था। पर्यटन विकास के उद्देश्य से यह जमीन 2017 में मनपा से एमटीडीसी को 1 रुपये प्रति वर्ष की मामूली दर पर 30 वर्षों के लिए लीज पर दी गई थी।
30 वर्ष के लिए दी गई थी लीज
एमटीडीसी ने आगे यह जमीन एक निजी कंपनी को सब-लीज पर दी थी, ताकि थीम पार्क का विकास बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) आधार पर किया जा सके। लेकिन डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक भवन बचाओ कृती समिति ने स्मारक को ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और महाराष्ट्र सरकार व आठ अन्य के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दायर की। इसी कारण परियोजना रुक गई।
सम्बंधित ख़बरें
क्या पीएम मोदी को पैदल चलना चाहिए? PM काफिले को लेकर हमलावर हुए विपक्ष पर संजय निरुपम का पलटवार
महाराष्ट्र कन्यादान योजना: बेटियों की शादी के लिए सरकार दे रही ₹25,000 की मदद, जानिए आवेदन प्रक्रिया
वीकेंड पर घूमने का बना रहे प्लान? महाराष्ट्र के इन ट्रैकिंग स्पॉट का लें मजा, लास्ट स्पॉट जन्नत से कम नहीं
PM मोदी की अपील का असर: महाराष्ट्र के 12 विधायकों का विदेश दौरा रद्द, विधानसभा अध्यक्ष का बड़ा फैसला
तीन वर्षों में पूरा होना था प्रकल्प
इस जगह पर एक विशाल थीम पार्क प्रस्तावित था। इसमें फूड प्लाज़ा, मनोरंजन पार्क, छत्रपति शिवाजी महाराज थीम पार्क, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर थीम पार्क व संग्रहालय, एम्फीथिएटर, योग-ध्यान क्षेत्र, मिनिएचर सिटी, स्पोर्ट्स थीम पार्क, एक्वेरियम, लेक व्यू रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन, नागपुर हॉट, हस्तशिल्प बाजार और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर समाज भवन जैसे प्रकल्प शामिल थे। यह योजना तीन वर्षों में यानी 2021 तक पूरी होनी थी, लेकिन यह केवल कागजों तक सीमित रह गई। इसलिए मनपा ने जनहित में इस जमीन को वापस लेने का प्रस्ताव रखा है।
मनपा कर रही थी रखरखाव
यह जमीन कई वर्षों से महानगरपालिका के प्रबंधन में थी। उद्यान, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक भवन, बांध और तालाब आदि की देखभाल मनपा द्वारा की जाती थी। यह क्षेत्र नागरिकों और नागपुरवासियों दोनों के लिए एक लोकप्रिय उद्यान स्थल था।
एमटीडीसी को जमीन दिए जाने के बाद मनपा ने इस पर ध्यान देना बंद कर दिया। अब मनपा ने जनहित और नागपुर के नागरिकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए 44 एकड़ जमीन राज्य सरकार से मुफ़्त में वापस लेने का प्रस्ताव रखा है।
ये भी पढ़े: मनपा चुनाव: अब 22 नवंबर तक दे सकेंगे आपत्तियां, चुनाव आयोग ने बढ़ाई समयसीमा
मुख्य तथ्य:
- क्षेत्रफल: 44 एकड़
- लीज की अवधि: 30 वर्ष
- मनपा से तहसीलदार को हस्तांतरण: सितंबर 2017
- निजी कंपनी को भूमि का हस्तांतरण: 2019
- योजना पूर्ण होने की समय-सीमा: 2021
