Nagpur NMC: 'आपली बस' के 3 ऑपरेटरों पर होगी FIR, बसों के 'चेसिस' चोरी होने पर 32 लाख की वसूली

NMC Aapli Bus FIR: नागपुर मनपा का बड़ा एक्शन। 'आपली बस' के 3 ऑपरेटरों पर होगी FIR। बसों के चेसिस और सामान चोरी होने पर 32.39 लाख रुपये की वसूली के आदेश।
NMC's transport committee to file FIR against 3 'Aapli Bus' operators for missing chassis and parts. Recovery of ₹32.39 lakh ordered.
आपली बस (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Aapli Bus Nagpur Operators FIR: नागपुर महानगर पालिका की परिवहन समिति ने शहर में 'आपली बस' सेवा का संचालन करने वाले 3 बस ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। बसों के चेसिस और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री गायब होने के मामले में समिति ने तीनों ऑपरेटरों के खिलाफ पुलिस में आपराधिक मामला (FIR) दर्ज करने और उनसे कुल 32,39,710 रुपये का जुर्माना वसूलने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।

गुरुवार को मनपा मुख्यालय में परिवहन समिति की बैठक हुई। उल्लेखनीय है कि जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (JNNURM) के तहत मनपा को शहर बस सेवा के लिए 237 बसें मिली थीं।

इनके संचालन की जिम्मेदारी 3 ऑपरेटरों मेसर्स हंसा सिटी बस सर्विसेज (79 बसें), मेसर्स आर.के. सिटी बस सर्विसेज (79 बसें) और मेसर्स ट्रैवल टाइम सिटी बस सर्विसेज (79 बसें) को सौंपी गई थी। इनमें से कुल 123 बसों के 15 साल पूरे होने पर उन्हें स्क्रैप करने की प्रक्रिया पूरी की गई, जिनमें हंसा की 49, आर.के. की 15 और ट्रैवल टाइम की 59 बसें शामिल थीं।

नहीं मिला संतोषजनक जवाब

इस प्रक्रिया के दौरान किए गए सर्वेक्षण में यह बात सामने आई कि बसों के चेसिस और अंदर का कुछ सामान गायब है। मनपा ने इस संबंध में कंपनियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन किसी भी ऑपरेटर ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। कोई संतोषजनक उत्तर न मिलने के कारण अंततः इनके खिलाफ फौजदारी कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई गई है। परिवहन समिति की सभापति मंगला खेकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्य किशोर कुमेरिया, दिनेश यादव, विजय होले, अर्चना पडोले, प्रमिला मथरानी सहित परिवहन प्रबंधक डॉ. मेघना वासनकर मौजूद थे।

कंपनियों पर तय की गई जुर्माने की राशि

  • मेसर्स हंसा सिटी बस सर्विसेज : 16,99,490 रुपये
  • मेसर्स ट्रैवल टाइम सिटी बस सर्विसेज : 11,62,300 रुपये
  • मेसर्स आर.के. सिटी बस सर्विसेज : 3,77,920 रुपये

87 सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति को भी मिली मंजूरी

बताया जाता है कि यदि ये तीनों कंपनियां निर्धारित समयसीमा के भीतर वसूली की यह राशि मनपा के पास जमा नहीं करती हैं, तो यह रकम उनके आगामी बिलों से काटकर मनपा के खाते में जमा कर ली जाएगी। इसके साथ ही उन पर आपराधिक केस (FIR) भी दर्ज किए जाएंगे।

समिति की बैठक में मनपा के बस डिपो और वहां मौजूद संपत्ति की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में मनपा के 7 बस डिपो और मोरभवन 1 व 2 में कुल 87 निजी सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। ये सुरक्षाकर्मी सभी जगहों पर तीनों शिफ्टों (पालियों) में तैनात रहेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com