लव ट्रायंगल में नागपुर का 'महल' बना रणक्षेत्र, नशे में धुत युवकों ने तलवारों से फोड़ीं गाड़ियां, 6 आरोपी अरेस्ट

Nagpur News: नागपुर के महल इलाके में 'लव ट्रायंगल' के चलते नशे में धुत युवकों ने तलवारों के साथ जमकर उत्पात मचाया। पुलिस ने 4 नाबालिगों समेत 6 को हिरासत में लिया है।
Nagpur Mahal Violence Case
नागपुर में महल इलाके में तैनात पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Mahal Violence Case: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के ऐतिहासिक महल परिसर में मंगलवार की रात उस समय दहशत फैल गई, जब दर्जनभर नकाबपोश युवकों ने जोहरीपुरा और गाड़ीखाना इलाके में जमकर तांडव मचाया। इस हमले की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि 'लव ट्रायंगल' और सोशल मीडिया की जलन निकली। गणेशपेठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 6 आरोपियों को पकड़ लिया है, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं।

क्या है वारदात की असली वजह?

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरी साजिश मंगेश (मुख्य आरोपी) ने रची थी। मंगेश का महल इलाके की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले युवती ने मंगेश से दूरी बना ली और उसकी दोस्ती जोहरीपुरा में रहने वाले एक अन्य युवक से इंस्टाग्राम के जरिए हो गई। मंगेश इसी बात से चिढ़ा हुआ था। करीब दो महीने पहले भी उसका युवती के नए दोस्त से विवाद हुआ था। मंगलवार की रात मंगेश ने अपने दोस्तों स्वरित डोंगरे, रिषभ काले और अन्य साथियों के साथ मिलकर नशा किया और नए प्रेमी को 'सबक' सिखाने के लिए महल कूच कर दिया।

तलवारों और लाठियों से मचाया उत्पात

रात करीब 11:15 बजे सभी आरोपी हाथों में तलवार, चाकू और लाठियां लेकर जोहरीपुरा पहुंचे। उन्होंने अपने चेहरे नकाब से ढके हुए थे। वे युवती के नए दोस्त का घर तलाश रहे थे, लेकिन जब वह नहीं मिला, तो उन्होंने अपना गुस्सा सड़क पर खड़ी गाड़ियों पर निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने जोहरीपुरा और गाड़ीखाना में खड़ी करीब 12 दोपहिया वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

भीड़ ने पकड़ा, फिर पुलिस ने सिखाया सबक

हंगामा बढ़ता देख स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतर आए। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगे, लेकिन नागरिकों ने पीछा कर स्वरित डोंगरे, रिषभ काले और एक नाबालिग को दबोच लिया। भीड़ ने उनकी जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

चूंकि महल इलाका संवेदनशील है और पिछले वर्ष यहां सांप्रदायिक तनाव हुआ था, इसलिए खबर मिलते ही डीआईजी वसंत परदेशी और डीसीपी राहुल मदने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और शिवाजी पुतला चौक पर पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com