नागपुर में गैस एजेंसियों की बदइंतजामी पर सवाल, होम डिलीवरी ठप; सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े उपभोक्ता परेशान

Nagpur LPG Delivery Issue: नागपुर में प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद कई गैस एजेंसियों में होम डिलीवरी ठप। उपभोक्ता गोदामों पर कतारों में खड़े, सुविधाओं और व्यवस्था पर उठे सवाल।
Questions Raised Over Mismanagement at Nagpur Gas Agencies; Home Delivery Halted—Consumers Frustrated While Standing in Queues for Cylinders.
नागपुर गैस एजेंसी समस्या, (प्रतिकात्मक तस्वीर सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Gas Agency Home Delivery Crisis: नागपुर शहर में एक ओर जहां प्रशासन ने गैस एजेंसियों में ग्राहकों के लिए छायादार शेड लगाने और पेयजल की व्यवस्था करने की निर्देश दिये हैं, वहीं दूसरी ओर अब भी कई एजेंसियों की होम डिलीवरी बंद है। जब जिलाधिकारी खुद स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं तो उन्हें गोदामों के बाहर सिलेंडर लेकर खड़े लोगों की कतार क्यों नजर आ रही है, यह सवाल त्रस्त नागरिकों ने किया है।

दक्षिण नागपुर के एक उपभोक्ता जिसका क्रमांक 661203 है, ने बताया कि सिलेंडर का नंबर लगाने के बाद ओटीपी भी जनरेट हो गया। 8 अप्रैल को ओटीपी आ गया था लेकिन अब तक होम डिलीवरी नहीं हुई। प्रयागराज गैस एजेंसी आशीर्वाद नगर के अंतर्गत आने वाले अनेक ग्राहक हैं, जो अब भी परेशान हैं। होम डिलीवरी नहीं हो रही है।

माथाडी कामगार सेना उद्वव गुट के अध्यक्ष सिद्ध कोमजवार ने बताया कि गैस सिलेंडरों का घर पहुंच वितरण सुचारु नहीं हुआ है। कई एजेंसियों द्वारा अब भी गोदाम से ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं गोदाम में सुबह से ही लंबी कतार लग रही है। मजे की बात यह कि जिला प्रशासन द्वारा जो शेड का फोटो भेजा गया है वह किसी गोदाम में लगी कतार का नजर आ रहा है।

2 महीने बाद भी परेशानी बरकरार

सवाल यह उठता है कि जब प्रशासन ने गैस आपूर्ति पर्याप्त होने का दावा किया था तो फिर 2 महीने बाद भी स्थिति में सुधार क्यों नहीं हुआ, भीषण गर्मी में जहां घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है वहीं लोगों को अब भी गोदाम में सिलेंडर की कतार में लगना पड़ रहा है। दिनभर की छुट्टी निकालकर सिलेंडर के लिए जद्दोजहद के बाद भी मिलेगा या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं है। कोमजवार ने बताया कि अधिकारी प्रशासन को सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। इस वजह से होम डिलीवरी से वंचित रहना पड़ रहा है।

गैस एजेंसियों में ग्राहकों के लिए शेड, पेयजल भी

भीषण गर्मी और हीटवेव के मद्देनजर नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए गैस एजेंसियों में ग्राहकों हेतु छायादार शेड और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है। जिलाधिकारी कुमार आशीवांद के निर्देशों के बाद अब जिलेभर की गैस एजेंसियों में ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

गैस वितरण केंद्रों पर आने वाले ग्राहकों के लिए एजेंसियों को तत्काल शेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। अब इन व्यवस्थाओं के लागू होने से ग्राहकों को तेज धूप में खड़े रहने से राहत मिली है और लू लगने का खतरा भी कम हुआ है। प्रत्येक केंद्र पर ग्राहकों के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की गैस एजेंसियों में यह सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। केंद्रों पर भीड़ से बचने के लिए वितरण प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। तहसील स्तर पर निरीक्षण अधिकारियों तथा नागपुर शहर में परिमंडल अधिकारियों के माध्यम से इसकी निगरानी की जा रही है।

जिले में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद स्वयं रोजाना समीक्षा कर रहे हैं। गैस कंपनियों और एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने से समस्याओं का समाधान हो रहा है और वितरण व्यवस्था में सुधार आया है। ग्राहकों के अधिकारों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दिए जाने से उपभोक्ताओं ने संतोष व्यक्त किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com