Nagpur Health News: कैंसर का इलाज कर 2 महिलाओं को नया जीवन लता मंगेशकर अस्पताल में दुर्लभ बीमारी का इलाज नागपुर, महानगर संवाददाता। एनकेपी साल्वे मेडिकल कॉलेज एवं लता मंगेशकर अस्पताल, हिंगना रोड के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के विशेषज्ञों ने इन्वेसिव मोल और कोरियोकार्सिनोमा जैसे दुर्लभ व गंभीर रोगों से पीड़ित 2 महिलाओं का सफल उपचार कर उन्हें नया जीवन दिया है।
मोलर प्रेग्नेंसी में गर्भाशय में भ्रूण विकसित होने की बजाय अंगूर जैसे असामान्य ऊतकों की वृद्धि होती है। समय पर उपचार न होने पर यह बीमारी गर्भाशय की दीवार में फैलकर इन्वेसिव मोल का रूप ले सकती है और आगे चलकर कोरियोकार्सिनोमा जैसे कैंसर में बदलकर शरीर के अन्य भागों में फैलने का खतरा भी रहता है।
दोनों महिलाओं में पहले मोलर प्रेग्नेंसी का निदान हुआ था और उनका सक्शन इवैक्यूएशन ऑपरेशन किया गया था लेकिन बाद में नियमित फॉलोअप नहीं होने के कारण बीमारी बढ़ गई। कुछ महीनों बाद समस्या बढ़ने पर दोनों मरीजों को लता मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रमुख डॉ. अनुजा भालेराव के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सटीक निदान और कीमोथेरेपी के माध्यम से दोनों मरीजों का सफल उपचार किया। डॉ. अनुजा भालेराव, डॉ. सविता सोमलवार, डॉ. रोहिणी भोयर, डॉ. प्राजक्ता जुनेवार, डॉ. नीतू मेश्राम वाल्दे, डॉ. अश्विनी चंदनखेडे, ऑन्कोफिजिशियन डॉ. आशीष वैद्य, रेडियोलॉजी विभाग प्रमुख डॉ. काजल मित्रा सहित अन्य विशेषज्ञों की टीम शामिल रही।
डीन डॉ. सजल मित्रा, उप डीन डॉ. विलास ठोंबरे, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नितिन देवस्थले के मार्गदर्शन में उपचार सफल हुआ। संस्था उपाध्यक्ष, विधायक डॉ. आशीष देशमुख ने इस उपलब्धि के लिए पूरी मेडिकल टीम की सराहना की।