

Highlights:
नागपुर के व्यापारी से हवाला के जरिए गुजरात में रकम भेजने के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी।
आरोपियों ने व्यापारी से असली नोट लिए और गुजरात के व्यापारी को नकली नोट पहुंचा दिए।
10 रुपए के नोट का सीरियल नंबर पूछकर तैयार की गई थी ठगी की पूरी साजिश।
Fake Currency Fraud: गुजरात के व्यापारी को हवाला के जरिए रकम भेजने का झांसा देकर नागपुर के एक व्यापारी से 40 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने यहां व्यापारी से रकम के बदले असली नोट लिए लेकिन गुजरात के व्यापारी को नकली नोट पहुंचाए गए। व्यापारी को इसकी भनक लगने से पहले ही फरार हो गए, तहसील पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
राजस्थान के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी बीकानेर, राजस्थान निवासी नीतेशकुमार संजीव शर्मा (21) बताया गया। पुलिस ने लकड़गंज निवासी हितेश रूपचंद केसवानी (46) की शिकायत पर मामला दर्ज किया। केसवानी का इतवारी की चूना ओली परिसर में जीरा और सौंफ की खरीदी-बिक्री का व्यवसाय है। उन्होंने गुजरात के ऊंझा निवासी व्यापारी रोहित पटेल से जीरा खरीदा था। इसके बदले उन्हें 40 लाख रुपये चुकाने थे।
दोपहर 1.12 बजे एक व्यक्ति केसवानी की दुकान पर पहुंचा। केसवानी ने 40 लाख रुपये कॉलेज बैग में भरकर उसे सौंप दिए। करीब आधे घंटे बाद ही रोहित ने फोन कर बताया कि उन्हें रकम दी गई लेकिन सारे नोट नकली हैं। तब तक आरोपी रकम लेकर फरार हो चुका था। ठगी का पता चलने पर केसवानी ने तहसील पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी रकम को हवाला के जरिए भेजने के लिए 9 नवंबर को 'मां दुर्गा ट्रांसफर' के नाम से एक व्यक्ति ने केसवानी को वॉट्सएप कॉल किया। 16 नवंबर को दोबारा संपर्क कर लेन-देन की पुष्टि के लिए 10 रुपये के नोट का सीरियल नंबर भी मांगा गया। इसके बाद 17 नवंबर को आरोपी ने एक व्यक्ति को उसी सीरियल नंबर वाला 10 रुपये का नोट दिखाने पर 40 लाख रुपये सौंपने के लिए कहा।
पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि एक अन्य व्यापारी अविनाश जैन को भी इसी तरह के फोन आ रहे थे। पुलिस ने जैन को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद जैन ने आरोपियों से संपर्क कर उन्हें अपनी दुकान पर बुलाया, पुलिस ने पहले से ही वहां जाल बिछा रखा था, जैन ने 10 लाख रुपये के लेन-देन का लालच देकर आरोपियों को बुलाया। इसी दौरान पुलिस ने नीतेशकुमार को दबोच लिया, उसके पास से मोबाइल फोन और लेन-देन से जुड़ी जानकारी जब्त की गई। न्यायालय ने उसे 24 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह गुजरात में भी जैन के एक रिश्तेदार को रकम देने की बात कही गई थी। नागपुर पुलिस ने गुजरात के व्यापारी के रिश्तेदार की मदद से अहमदाबाद पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद 19 नवंबर को अहमदाबाद में नकली नोटों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा गया हवाला के जरिए बड़ी मात्रा में नकदी का लेन-देन करने वाले व्यापारियों को यह गैंग निशाना बना रही है।