गुढ़ीपाड़वा पर विदर्भ में 700 करोड़ का व्यापार, सराफा और ऑटोमोबाइल में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री

Nagpur Gudi Padwa Market Report: नागपुर में गुढ़ीपाड़वा पर व्यापार का धमाका! सराफा में 100 करोड़ और विदर्भ में 700 करोड़ का कारोबार। 4000 से ज्यादा वाहन बिके, रियल एस्टेट में भी भारी उछाल।
Massive business boom in Nagpur on Gudi Padwa. ₹100Cr+ jewelry sales, 4000+ vehicles sold. Real estate and electronics saw record-breaking demand.
ऑटोमोबाइल सेक्टर (AI Generated Image)
Updated on

Vidarbha Automobile Sales: गुढ़ीपाड़वा पर्व को लेकर व्यापारियों को जिस प्रकार से उम्मीद थी उससे कहीं अधिक धनवर्षा हुई। हर बार की तरह इस बार भी सोना-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स के अलावा चारपहिया व दोपहिया वाहनों की बिक्री खूब हुई। त्योहार को लेकर शोरूम्स को न केवल आकर्षक सजाया बल्कि ग्राहकों के लिए नए आइटम भी उपलब्ध कराए गए। मार्केट में हर वर्ग के लिए समान तैयारियां की गई थीं।

बड़े-बड़े शोरूम्स से लेकर छोटी-बड़ी दुकानें भी ग्राहकों से गुलजार दिखाई दीं। इतवारी, धरमपेठ, बर्डी, सक्करदरा, सदर सहित शहर के अन्य मार्केट खचाखच भरे रहे। त्योहार में जहां ग्राहकों का उत्साह चरम पर नजर आया वहीं व्यापारियों का इस बार का गुढ़ीपाड़वा पिछले वर्ष के मुकाबले अच्छा रहा।

सराफा में पिछले वर्ष के मुकाबले 10 से 15 प्रश व्यापार बढ़ा है। वहीं ऑटोमोबाइल, सराफा, रियल एस्टेट सहित अन्य छोटे-बड़े आइटम्स की बिक्री के साथ करोड़ों का व्यापार हुआ। इस शुभ मुहूर्त पर कइयों ने अपने सपनों के गृह में प्रवेश किया तो किसी ने अपने नये प्रतिष्ठान का शुभारंभ किया।

कम हुईं कीमतों ने बढ़ाया उत्साह

जीजेसी के चेयरमैन राजेश रोकड़े के अनुसार गुढ़ीपाड़वा के मुहूर्त सराफा बाजार में जबरदस्त कारोबार हुआ। पिछले कुछ दिनों में सोने और चांदी की कम हुई कीमतों ने लोगों का उत्साह बढ़ा दिया। नागपुर जिले में देखें तो 100 करोड़ और पूरे विदर्भ में करीब 700 करोड़ का व्यापार हुआ है। वहीं हर बार इस मुहूर्त पर महाराष्ट्रीयन लोगों का ज्यादा जोर रहता था लेकिन इस बार महाराष्ट्रीयन के अलावा अन्य लोगों ने भी इस मुहूर्त को अपना समझा और इन्वेस्टमेंट के तौर पर खरीदी की। वहीं भीड़ से बचने के लिए 50% लोगों ने पहले ही बुकिंग करा ली थी जिन्होंने आज अपने आभूषणों की डिलीवरी ली। गुढ़ीपाड़वा के दिन अन्य दिनों की अपेक्षा जल्दी दुकानें खुलीं जिनमें सुबह से लेकर देर रात तक लोगों की भीड़ नजर आई।

  • 100 करोड़ से ज्यादा हुआ सराफा व्यापार
  • 3,000 से अधिक उठे दुपहिया वाहन
  • 1,000 से अधिक उठे चारपहिया वाहन

शोरूम्स से निकले चमचमाते वाहन

वाहनों के शोरूम्स का नजारा देखते ही बनता था। एक के बाद एक वाहन शोरूम्स से निकले। विदर्भ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज पांडे के अनुसार गुढ़ीपाड़वा जैसे विशेष मुहूर्त पर अपने वाहन की डिलीवरी लेकर लोग काफी खुश नजर आए। टूव्हीलर के साथ फोरव्हीलर वाहनों के शोरूम में सुबह से ही लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था। वहीं वाडा के उपाध्यक्ष अचल गांधी बताते हैं कि पूरे नागपुर में दुपहिया में जहां करीब 3,000 से अधिक दुपहिया वाहन उठे हैं वहीं 1,000 से अधिक चारपहिया वाहनों की डिलीवरी इस शुभ मुहूर्त पर हुई। लोगों को वाहन कंपनियों द्वारा दिये गये आकर्षक ऑफर्स ने काफी आकर्षित किया।

मंदिरों में वाहन पूजा के लिए लगी लाइन

शोरूम्स से निकलकर वाहन सीधे मंदिर की ओर पहुंच रहे थे। इसके चलते गणेश टेकड़ी के साथ शहर के अन्य मंदिरों में पूजा के लिए वाहनों की लाइन लगी हुई थी। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में वाहनों का आने-जाने का तांता लगा रहा।

धड़ाधड़ बिके इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स

सोना-चांदी, वाहन की तरह ही इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स भी धड़ाधड़ बिके। लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स की खरीदारी की। इसमें सबसे अधिक डिमांड एसी, फ्रिज और कूलर की रही। वहीं इसके अलावा लोगों ने आकर्षक और नये फीचर्स के साथ आई एलईडी टीवी और वाशिंग मशीन की भी खरीदी की। विविध कंपनियों के मोबाइल्स फोन की भी अच्छी डिमांड रही। 100% फाइनेंस स्कीम्स, जीरो डाउन पेमेंट, निश्चित उपहार, कैशबैक, 1 ईएमआई ऑफ, एक्सचेंज के साथ अन्य ऑफर्स के साथ लोगों ने अपनी पसंदीदा वस्तुओं की खरीदी की।

95% बैंक लोन का आकर्षण

रियल एस्टेट सेक्टर में 1, 2 और 3 बीएचके फ्लैट में पेश किये गये ऑफर्स के तहत ग्राहकों ने जहां अपने आशियाने के सपने को सच किया, वहीं कइयों ने बुकिंग भी कराई है। इसमें भी आकर्षक ऑफर्स के साथ 95% बैंक लोन ने काफी आकर्षित किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com