Gudi Padwa 2026: इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ऑफर्स की भारी बारिश! AC, फ्रिज और मोबाइल पर 70% तक की छूट

Gudi Padwa Offers 2026: गुड़ी पड़वा के शुभ मुहूर्त पर इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में रौनक लौट आई है। कूलर, एसी और फ्रिज पर भारी डिस्काउंट मिल रहा है। जीरो डाउनपेमेंट के साथ खरीदारी का सुनहरा मौका।
Gudi Padwa Electronics Offers
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Gudi Padwa Electronics Offers: हिन्दू नववर्ष का शुभारंभ चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से होता है। चैत्र महीने के पहले दिन नये साल की शुरुआत के रूप में मनाया जाने वाला गुड़ी पड़वा इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के लिए नये उत्साह और उम्मीदों को लेकर आ रहा है। पर्व के लिए तैयार इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एक बार फिर से खरीदारी का करंट दौड़ेगा। इसके लिए जहां व्यापारियों ने आकर्षक ऑफर्स के साथ विशेष तैयारियां कर रखी हैं वहीं ग्राहकों में भी पूरे परिवार के साथ शॉपिंग करने का उत्साह नजर आ रहा है।

मार्केट में बुकिंग के साथ-साथ पूछ-परख भी काफी बढ़ गई है। हर कोई गुड़ी पड़वा के विशेष मुहूर्त पर अपने यहां पर कूलर, फ्रिज, एयर कंडीशनर, टीवी, वॉशिंग मशीन, ओवन के साथ-साथ अन्य उत्पाद लाने के लिए मार्केट का रुख कर शॉपिंग का आनंद उठा रहे हैं। गर्मी का सीजन होने से कूलर, एसी के साथ फ्रिज की डिमांड हाई पर बनी हुई है।

फ्री इंस्टॉलेशन व कैश बैक ने बढ़ाया आकर्षण

नागपुर के टावरी मार्केटिंग के संचालक संतोष टावरी ने बताया कि गुड़ी पड़वा के साथ एक बार फिर से मार्केट ग्राहकों के लिए तैयार है लेकिन इस बार ग्राहकों ने जहां खरीददारी का मन बनाया है वहीं उनकी इस खरीदारी को आकर्षक बनाने के लिए ऑफर्स की बौछार भी की जा रही है। गर्मी का सीजन होने से इस समय सबसे अधिक मांग कूलर, एसी और रेफ्रिजरेटर की हो रही है। इसमें भी पावर सेविंग कॉम्प्रेसर वाले एसी की डिमांड हाई पर है। फ्री इंस्टॉलेशन व कैश बैक ने खरीदी का आकर्षण बढ़ा दिया है।

विशेष मुहूर्त के लिए बुकिंग शुरू

श्रीकांत इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक श्रीकांत भांडारकर ने कहा कि त्योहार की खरीदी के लिए मार्केट पूरी तरह से तैयार है। ग्राहक अपनी ख्वाहिश पूरी करने के लिए गुड़ी पड़वा का इंतजार कर रहे हैं। गर्मी होने के चलते एसी, रेफ्रिजरेटर सहित काम्प्रेसर आइटम्स की ज्यादा-पूछ-परख चल रही है। विशेष मुहूर्त होने के चलते लोग अभी से बुकिंग करवा रहे हैं। ग्राहकों की खरीदी को आसान बनाने के लिए लो ईएमआई, छूट के साथ विशेष आफर दिये जा रहे हैं।

भारी छूट की सौगात

लोटस इलेक्ट्रॉनिक्स के डायरेक्टर गौरव पाहवा ने बताया कि इस बार का गुड़ी पड़वा विशेष बनाने के लिए ग्राहकों को अलग-अलग कैटेगरी के प्रोडक्ट्स पर 70 प्रश तक की भारी छूट की सौगात दी जा रही है। इसके साथ जीरो प्रश फाइनेंस की सुविधा के अलावा अन्य ऑफर्स का लाभ भी दिया जा रहा है। त्योहार के लिए लोगों की बुकिंग अभी से आने लगी है। लोग एसी, ‌फ्रिज, कूलर की बुकिंग तो कर रही रहे हैं। लैपटॉप, मोबाइल में बड़े पैमाने पर रुचि दिखा रहे हैं।

विशेष तैयारियां की गई

भगवती इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक मनीषा अग्रवाल ने कहा कि चैत्र महीने के पहले दिन नये साल की शुरुआत के रूप में मनाया जाने वाला गुड़ी पड़वा एक विशेष मुहूर्त के रूप में देखा जाता है। इस मुहूर्त के लिए विशेष तैयारी की गई है। हर कोई इस विशेष मुहूर्त पर खरीदी करने के लिए मार्केट आता है जिसके लिए जमकर तैयारियां की गई हैं। इस बार ग्राहकों के लिए विविध ऑफर्स की पेशकश की गई है। इसके साथ ही निश्चित उपहार व एक्सचेंज ऑफर दिया जा रहा है।

अपेक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स संचालक राजेश गड़ेकर ने कहा कि गुड़ी पड़वा का ग्राहकों के बीच एक खास आकर्षण होता है। महाराष्ट्रीयन नववर्ष के साथ यह एक खास मुहूर्त वाला त्योहार है जिसका सभी को बड़ी बेसब्री से इंतजार रहता है। इस बार ग्राहकों के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। एसी, फ्रिज, वाशिंग मशीन नये फीचर्स के साथ प्रस्तुत की गई है। इसके अलावा टीवी, मोबाइल्स, ओवन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं में ऑफर्स की भरमार हैं। ग्राहकों का उत्साह चरम पर नजर आ रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com