नागपुर का बदलेगा चेहरा! कामठी-कोराडी-कन्हान में बड़े प्रोजेक्ट्स की तैयारी, नितिन गडकरी ने ली बैठक

NMRDA Development Plans Meeting: नागपुर के ग्रामीण विकास पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। फ्लाईओवर, मेट्रो, मॉल, रोपवे सहित योजनाओं पर चर्चा की।
NMRDA Development Plans Meeting: नागपुर के ग्रामीण विकास पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। फ्लाईओवर, मेट्रो, मॉल, रोपवे सहित योजनाओं पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने ली बैठक (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur City and Rural Coordination: कामठी-कोराडी-कन्हान सहित नागपुर के आस-पास के गांवों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार, रेलवे, मेट्रो, नेशनल हाईवे, एनआईटी, एनएमआरडीए और मनपा जैसी सभी संस्थानों का उचित समन्वय जरूरी है। नागपुर के ग्रामीण विकास को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नया आयाम दिया जाएगा।

यह कहना है केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी का। उन्होंने अपने निवास पर सभी विभागों के संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी उपस्थित थे। गडकरी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये।

बनेगा 10 मंजिला मॉल

कामठी-कलमना मार्ग पर नीलम लॉन की जमीन पर विभिन्न व्यवसायों के लिए सर्वसुविधायुक्त 10 मंजिला मॉल बनाया जाएगा। मेट्रो ने संबंधित एजेंसी के साथ करार भी किया है। गडकरी ने आगामी 3 महीनों के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं नगरपालिका नाका से कोराडी रोड ओवरब्रिज तक और बोखारा मार्ग के रेलवे क्रॉसिंग तक फ्लाईओवर निर्माण, आशा हॉस्पिटल और कामठी-कन्हान मेट्रो ट्रैक के नीचे सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई।

नेशनल हाईवे व मेट्रो को संयुक्त रूप से यह कार्य करने का निर्देश गडकरी ने दिया। बताया गया कि कोराडी महादेव मंदिर टेकड़ी से महाजेनको तालाब तक रोपवे बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। उपलवाडी अंडरब्रिज व बायपास के संबंध में नेशनल हाईवे के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

कोराडी फ्लाईओवर का टेंडर जल्द

कामठी-रामनगर फुटब्रिज का काम पीडब्ल्यूडी करने वाला है। इसका टेंडर जारी किया जा चुका है। कोराडी रोड पर फ्लाईओवर के लिए जल्द टेंडर निकालने की जानकारी अधिकारियों ने बैठक में दी। वहीं कोराडी-खिंडसी, कोराडी-ताडोबा, कोराडी-पारस के जलाशयों के सी-प्लेन सुविधाओं के लिए मेट्रो और एनएमआरडीए को अध्ययन कर रिपोर्ट सादर करने का निर्देश गडकरी ने दिया। बैठक में मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डीकर, एनएमआरडीए आयुक्त संजय मीणा, मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी, जिलाधिकारी विपिन इटनकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।