

Bhushan Shingne Attack: नागपुर में मतदान से कुछ घंटे पहले चुनावी माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी के प्रभाग क्रमांक 11 के उम्मीदवार भूषण शिंगणे पर जानलेवा हमला किया गया। यह घटना बुधवार देर रात की है। हमले में धारदार हथियार का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस घटना की पुष्टि भाजपा नागपुर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने की। उनके अनुसार, भूषण शिंगणे को गोरेवाड़ा इलाके में कथित तौर पर मतदाताओं को पैसे बांटे जाने की सूचना मिली थी। इसी के चलते वे अपने 4-5 समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कथित गतिविधि को रोकने की कोशिश की।
दयाशंकर तिवारी का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद करीब 40 से 50 लोगों ने शिंगणे और उनके साथियों पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू और पत्थरों से वार किया। समर्थकों को बचाने के प्रयास में शिंगणे खुद हमले की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल भूषण शिंगणे को तत्काल मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। भाजपा का दावा है कि घटना के समय इलाके में कांग्रेस के उम्मीदवार भी मौजूद थे। पार्टी ने इस हमले को पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है।
भाजपा शहर अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।