Nagpur Hit & Run: धमरपेठ में दर्दनाक हादसा, मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचला

Nagpur Hit And Run Case: नागपुर के धरमपेठ में दिल दहला देने वाला हिट एंड रन! मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर, मौके पर मौत। आरोपी फरार।
Nagpur Hit and Run
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Dharampeth Accident News: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। शहर के व्यस्त और पॉश इलाके धरमपेठ में आज सुबह एक भीषण 'हिट एंड रन' (Hit & Run) मामले में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। यह घटना धरमपेठ स्थित सुगंध मंगल कार्यालय के पास के चौराहे पर घटित हुई, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।

मॉर्निंग वॉक पर निकली थी महिला

मृतक महिला की पहचान 70 वर्षीय मंगला केवटे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगला केवटे हर रोज की तरह आज सुबह भी मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। जब वह सुगंध मंगल कार्यालय के पास वाले चौराहे से गुजर रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर कई फीट दूर जाकर गिरीं और उनके सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

CCTV में कैद हुई वारदात, आरोपी ड्राइवर फरार

दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। नागपुर पुलिस को घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार की रफ्तार कितनी तेज थी। चश्मदीदों का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में धुत था और टक्कर मारने के बाद उसने जानबूझकर गाड़ी नहीं रोकी।

बाहरी राज्य की कार होने का शक

पुलिस की प्राथमिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर यह पता चला है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार महाराष्ट्र के बाहर की (Other State Registration) हो सकती है। नागपुर पुलिस की टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर और उसके मालिक का पता लगाने में जुटे हैं।

नागरिकों में भारी आक्रोश

इस घटना के बाद इलाके के नागरिकों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नागपुर के लगभग सभी फुटपाथों पर अतिक्रमण हो चुका है। बुजुर्गों और पैदल चलने वालों के लिए सड़कों पर जगह ही नहीं बची है। लोगों ने सवाल उठाया है कि अगर फुटपाथ सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता और बुजुर्ग सुबह की सैर के लिए कहां जाएं? प्रशासन की अनदेखी की वजह से आज एक मासूम जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शहर के प्रवेश और निकास द्वारों पर नाकाबंदी कर दी गई है ताकि फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com