नागपुर क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, बल्लारपुर पेट्रोल बम हमले के आरोपी को धर दबोचा

चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर में पेट्रोल बम और पिस्तौल से दूकान पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के साथ उसकी गर्लफ्रेंड भी पुलिस को मिली जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पांचपावली थाने में दर्ज हुई थी।
Nagpur crime branch arrests Ballarpur petrol bomb attack accused
प्रतीकात्मक तस्वीर
Updated on

नागपुर: नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच के यूनिट-4 ने चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर (बल्लारशाह) में पेट्रोल बम हमले के मामले के आरोपी को ने धर दबोचा है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नागपुर में मौज कर रहा था। आरोपी के साथ उसकी गर्लफ्रेंड भी पुलिस को मिली जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पांचपावली थाने में दर्ज हुई थी। आरोपी की पहचान बल्लारशाह निवासी नीरज संतोष गुप्ता (26) के रूप में हुई है। नीरज चंद्रपुर का सबसे बड़ा गुटका-तंबाकू तस्कर बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी उसके ही इलाके में रहने वाले एक व्यापारी परिवार की युवती से वह एकतरफा प्यार करता था। युवती के परिजनों का भी विरोध था। इस बात से बौखलाए नीरज ने 2 दोस्तों के साथ मिलकर हमले का प्लान बनाया। बीते 7 जुलाई को उसने व्यापारी की दूकान पर हमला बोला। पेट्रोल बम फेंककर आग लगाई और पिस्तौल से गोलीबारी भी की। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग निकले। इस हमले में दूकान का कर्मचारी बुरी तरह जख्मी हुआ था। पुलिस ने हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

जाल बिछाकर किया गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि नीरज की तलाश में चंद्रपुर पुलिस काफी दिनों तक नागपुर में थी लेकिन भनक लगते ही वह पुणे भाग निकला। मामला ठंडा होने पर वह 2 दिन पहले नागपुर लौट आया। क्राइम ब्रांच की टीम को जानकारी मिली कि वह मानेवाड़ा परिसर में सफेद रंग की कार में घूम रहा है। खबर मिलते ही पुलिस ने उसे जाल बिछाकर गिरफ्तार किया।

लापता होने की शिकायत

नीरज के साथ महिला भी मिली है जो उसकी गर्लफ्रेंड बताई जा रही है। वह भी बल्लारपुर की रहने वाली है। नीरज के उस महिला से विवाह के बाद भी प्रेम संबंध थे। इसकी भनक लगने पर पति ने महिला की पिटाई भी की। वह पति का घर छोड़कर कामठी रोड पर अपने मायके में रहने आ गई थी। जून के आखिरी सप्ताह में वह अपने घर से गायब हो गई। परिजनों ने पांचपावली थाने में लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। बताया जाता है कि तब से ही महिला नीरज के साथ थी। इस घटना से पूरे बल्लारपुर के व्यापारी दहशत में थे और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन भी किया था। नीरज की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही बल्लारपुर पुलिस नागपुर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com