सपनों को छोटा मत समझो, हौसलों की रिंग में नागपुर की अल्फिया का पंच! एशियन चैंपियनशिप तक पहुंचने की अनकही कहानी

Nagpur Female Athletes: नागपुर की मुक्केबाज अल्फिया पठान की प्रेरक कहानी। अवस्थी नगर की गलियों से एशियन चैंपियनशिप तक का सफर। महिला दिवस पर बेटियों के लिए खास संदेश।
Meet Alphiya Pathan, Nagpur's rising boxing star. From Awasthi Nagar to Asian Boxing Championship, her journey is about grit and hard work. Read more.
अल्फिया पठान (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Alphiya Pathan Boxer Nagpur: अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर बढ़ रहीं नागपुर की युवा बॉक्सर अल्फिया अकरम पठान (23) का मानना है कि सपने तभी सच होते हैं जब उनके पीछे कड़ी मेहनत और अटूट विश्वास हो। अवस्थी नगर निवासी अल्फिया ने संघर्ष, चोट और हार के बावजूद कभी हार नहीं मानी और आज एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप तक पहुंचकर शहर और देश का नाम रोशन करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

अल्फिया बताती हैं कि उनके सफर की शुरुआत एक छोटे से सपने से हुई थी। बचपन से ही उन्हें खेलों में गहरी रुचि थी और जब उन्होंने बॉक्सिंग को अपनाया तो महसूस हुआ कि यही उनका सही रास्ता है। नियमित अभ्यास, कड़ी ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया और सफलता की राह खुलती चली गई।

निराशा हुई पर हार नहीं मानी

हालांकि यह सफर आसान नहीं था। कई बार लगातार हार और चोटों का सामना करना पड़ा। ऐसे समय में निराशा भी हुई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अल्फिया कहती हैं कि हर मुश्किल घड़ी में उनके परिवार, कोच और अपने सपनों ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।

एक महिला खिलाड़ी के रूप में भी उन्हें कई बार खुद को साबित करने की चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इन चुनौतियों को कमजोरी नहीं बनने दिया। उनका मानना है कि हर संघर्ष इंसान को और मजबूत बनाता है।

मेहनत और विश्वास बेकार नहीं जाते

आज जब अल्फिया पीछे मुड़कर अपने सफर को देखती हैं तो उन्हें यकीन होता है कि मेहनत और विश्वास कभी बेकार नहीं जाते। उनका कहना है कि हर कठिन दिन ने उन्हें पहले से ज्यादा मजबूत बनाया। महिला दिवस के अवसर पर अल्फिया का लड़कियों के लिए संदेश भी स्पष्ट है- अपने सपनों को छोटा मत समझो। अगर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रहता।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com