भाजपा MLC कृष्णा खोपड़े का विपक्ष पर तीखा प्रहार, बोले- महिला विरोध कांग्रेस का काला चेहरा हुआ उजागर
Nagpur Political News: नागपुर के भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस को 'महिला विरोधी' बताते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
भाजपा नेता और विधान परिषद सदस्य कृष्णा खोपड़े (सोर्स: सोशल मीडिया)
Krishna Khopde On Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल को लेकर देश की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। नागपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता और विधान परिषद सदस्य (MLC) कृष्णा खोपड़े ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए उसे ‘महिला विरोधी’ करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो कांग्रेस आज इस बिल का श्रेय लेने की होड़ में लगी है, असल में उसी ने लोकसभा में इसका विरोध कर अपना असली चेहरा जनता के सामने ला दिया है।
MLC कृष्णा खोपड़े ने कांग्रेस सांसदों पर उठाए सवाल
विधायक खोपड़े ने एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस की महिला सांसदों ने भी सदन में इस बिल का विरोध किया। उन्होंने कहा, “यह बिल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक ऐतिहासिक कदम था, लेकिन कांग्रेस की बाधाओं के कारण यह लोकसभा में उस गति से पारित नहीं हो सका जैसा होना चाहिए था।”
‘इतने सालों तक क्या किया?’
भाजपा विधायक ने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस देश पर दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी कभी भी संसद में यह बिल गंभीरता से नहीं लाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी भी महिलाओं को उनका हक देने का प्रयास नहीं किया, बल्कि हमेशा इसे टालने की राजनीति की। खोपड़े के अनुसार, कांग्रेस की भूमिका हमेशा से यही रही है कि महिला आरक्षण बिल धरातल पर न उतर पाए।
सम्बंधित ख़बरें
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, अमित शाह का सदन में बयान… PM आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी की 5 मांगें
CM फडणवीस के जन्मदिवस पर छत्रपति संभाजीनगर में एक लाख पौधारोपण का लक्ष्य, 22 जुलाई से शुरू होगा हरित महोत्सव
बार-बार सड़कें खोदने की झंझट से मिलेगी मुक्ति: नागपुर मनपा बनाएगी 38 किमी लंबा अंडरग्राउंड यूटिलिटी कॉरिडोर
कक्षाएं हैं, छात्र हैं, लेकिन शिक्षक कहां हैं? बदहाल स्कूल को लेकर मनपा मुख्यालय में फूटा छात्रों का गुस्सा
विदर्भ के कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर तंज
कृष्णा खोपड़े यहीं नहीं रुके, उन्होंने विदर्भ के स्थानीय कांग्रेस नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जो नेता महंगाई, गैस सिलेंडर और अन्य छोटे-बड़े मुद्दों पर सड़कों पर उतरकर चिल्लाते हैं, वे आज महिला आरक्षण के मुद्दे पर पूरी तरह मौन हैं।
उन्होंने तीखे लहजे में सवाल किया कि “क्या विदर्भ के कांग्रेस नेताओं के मुंह पर ताला लग गया है? या फिर कांग्रेस हाईकमान ने उनके मुंह सिल दिए हैं? महिलाओं के सम्मान और हक की बात आने पर इनकी बोलती क्यों बंद हो जाती है?”
विधायक खोपड़े ने अंत में कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को देख रही हैं। आगामी चुनावों में जनता कांग्रेस को इस महिला विरोधी रुख के लिए कड़ा सबक सिखाएगी।
