Nagpur: 10वीं का पेपर देकर लौट रहे अथर्व को ट्रक ने कुचला, दर्दनाक हादसे से सदमे में परिवार, मां की हालत गंभीर

Class 10 Student Death Nagpur: नागपुर में दर्दनाक हादसा। 10वीं की परीक्षा देकर लौट रहे अथर्व मेश्राम को ट्रक ने कुचला। हादसे में मां गंभीर रूप से घायल, पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में।
Tragic road accident in Nagpur: 10th-grade student Atharva Meshram killed while returning from the board exam. His mother is critically injured.
नागपुर में दर्दनाक हादसा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Hit and Run Nagpur: नागपुर में कामठी रोड के पीली नदी परिसर में दर्दनाक हादसा हुआ। 10वीं की परीक्षा देकर मां के साथ दोपहिया वाहन पर घर लौट रहे छात्र को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में मां-बेटे दोनों ही बुरी तरह जख्मी हो गए, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मृतक चंद्रमणीनगर, रामेश्वरी रोड निवासी अथर्व चंद्रशेखर मेश्राम (16) बताया गया। मां रीना मेश्राम (40) का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। अथर्व को कामठी रोड की दिल्ली पब्लिक स्कूल में परीक्षा सेंटर मिला था। पेपर के दिन मां रीना उसे सेंटर ले जाने और लाने का ध्यान रख रही थी। मंगलवार को भी उसकी परीक्षा थी। सुबह रीना उसे परीक्षा केंद्र पर ले गई। घर काफी दूर होने के कारण रीना वहीं रुक गई।

ट्रक ने दोपहिया को मारी टक्कर

एग्जाम खत्म होने के बाद रीना उसे दोपहिया वाहन पर घर ले जा रही थी। पीली नदी पार्किंग प्लाजा के समीप एक ट्रक चालक ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी और फरार हो गया। अथर्व गाड़ी से उछलकर नीचे गिरा और सिर में गंभीर चोट लगी। रीना को भी गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय नागरिक मदद के लिए आगे आए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 2 घंटे बाद डॉक्टर ने अथर्व को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिता चंद्रशेखर की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

बेटे की मौत का सदमा

अथर्व के पिता चंद्रशेखर पॉवरग्रिड की कैंटीन में काम करते हैं। मां रीना गृहिणी और बड़ा भाई भी शिक्षण ले रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अथर्व पढ़ाई में होनहार था। मंगलवार को परीक्षा देकर बाहर आने पर वह खुश था।

दोनों घर की ओर निकले ही थे कि ट्रक चालक काल बनकर पीछे से आया और दोनों को उड़ा दिया। इस हादसे के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com