Nagpur: बकायादारों पर चला मनपा का डंडा, 113 संपत्तियों की होगी सार्वजनिक नीलामी

Nagpur NMC: मनपा की ओर से बकायादारों को सम्पत्ति कर अदा करने के लिए कई बार योजनाएं चलाई। यहां तक कि जुर्माना की राशि में छूट देने की भी घोषणा की गई। अब बड़ा एक्शन लिया गया।
Nagpur NMC: मनपा की ओर से बकायादारों को सम्पत्ति कर अदा करने के लिए कई बार योजनाएं चलाई। यहां तक कि जुर्माना की राशि में छूट देने की भी घोषणा की गई। अब बड़ा एक्शन लिया गया।
नागपुर न्यूज
Published on
Updated on

Nagpur News: मनपा की ओर से बकायादारों को सम्पत्ति कर अदा करने के लिए कई बार योजनाएं चलाई गईं। यहां तक कि बकाया भरने पर सम्पत्ति कर के साथ लगाए गए जुर्माना की राशि में छूट देने की भी घोषणा की गई। तमाम प्रयासों के बावजूद बकायादारों की ओर से आवश्यकता अनुसार प्रतिसाद नहीं मिल पाया।

समय के भीतर कर अदा करने पर सामान्य कर में भी छूट की घोषणा की गई किंतु बकायादारों ने इसे भी गंभीरता से नहीं लिया जिससे अब मनपा ने कड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मनपा के सम्पत्ति कर विभाग के उपायुक्त मिलिंद मेश्राम के नेतृत्व में टीम ने वसूली अभियान के तहत न केवल सम्पत्तियों को जब्त किया बल्कि अब जब्त सम्पत्तियों के नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पहले दिया गया था मौका

सम्पत्तियों की सूची जारी कर उन्होंने कहा कि 113 सम्पत्तियां जब्त की गई थीं। हालांकि इन पर 1.91 करोड़ का कर बकाया है लेकिन जब्त सम्पत्तियां वर्तमान रेडीरेकनर की दरों के अनुसार लगभग 140 करोड़ की हैं। उपायुक्त मेश्राम ने कहा कि मनपा ने पहले ही समाचार पत्रों में हुकुमनामा प्रकाशित करके संबंधित बकायादारों को बकाया संपत्ति कर की राशि महानगरपालिका खाते में जमा करने की सूचना दी थी। उन्हें सूचित किया गया था कि यदि वे भुगतान नहीं करते हैं तो उनकी स्थायी संपत्ति को सार्वजनिक घोषणा और नीलामी द्वारा बेच दिया जाएगा। चूंकि संबंधित बकायादारों ने कोई संज्ञान नहीं लिया, इसलिए जोन-वार नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

  • 1.91 करोड़ की वसूली का लक्ष्य
  • 140 करोड़ कीमत की है सम्पत्तियां

जोन-वार नीलामी का विवरण

-जोन 10 :- इस जोन में सबसे अधिक 48 संपत्तियां शामिल हैं जिन पर 120.96 लाख बकाया है। छावनी, झिंगाबाई टाकली, गोरेवाड़ा, मानकापुर, बोरगांव जैसे क्षेत्रों में सम्पत्तियां स्थित हैं। इस जोन की नीलामी 17 दिसंबर 2025 को निर्धारित है। -जोन 4 :- सीताबर्डी, लेंड्रा में 24 संपत्तियां नीलाम की जाएंगी। इनसे 21.78 लाख बकाया राशि वसूलनी है। नीलामी की तिथि 12 दिसंबर 2025 है। -जोन 1 :- अजनी, सोमलवाड़ा, भरतवाड़ी, परसोडी, परसोडी खामला और टाकली सीम के अंतर्गत 12 संपत्तियों से 14.43 लाख वसूले जाएंगे। नीलामी 16 दिसंबर 2025 और 18 दिसंबर 2025 को होगी।

-जोन 7 :- इस जोन में 10 संपत्तियां नीलाम होंगी जिनसे 13.28 लाख बकाया है। नीलामी 15 दिसंबर 2025 को निर्धारित है। -जोन 5 :- अमर आशा को. ऑप सोसाइटी, नरहरि गृहनिर्माण सह। संस्था, विदर्भ हाउसिंग, नवीन सुभेदार लेआउट, अर्बन क्रेडिट सोसाइटी, चिखली और सक्करदरा में 13 संपत्तियां नीलाम होंगी जिन पर 11.02 लाख बकाया हैं। नीलामी की तिथि 23 दिसंबर 2025 है। -जोन 8 :- हिवरी और पारडी में 6 संपत्तियों से 10.20 लाख वसूलने के लिए 12 दिसंबर 2025 को नीलामी होगी।

अभी भी अंतिम मौका

जब्त सम्पत्तियों के नीलामी की तारीखें तय की गई हैं किंतु यदि कोई भी बकायादार सम्पत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व बकाया अदा करता है तो उसकी सम्पत्ति नीलाम होने से बच सकती है। यहां तक कि ऐसे बकायादार नीलामी की तारीख से पूर्व मनपा में बकाया अदा कर सकते हैं। बकाया वसूलने के लिए अब प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही अन्य बकायादारों पर भी इसी तरह की कार्रवाई होगी।

  • मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त, मनपा।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com