अब 'लालपरी' में सफर होगा और भी सुरक्षित! मुंबई से पूरे महाराष्ट्र के बस डिपो की होगी लाइव निगरानी

ST Bus Security CCTV: महाराष्ट्र एसटी महामंडल का ₹111 करोड़ का नया सीसीटीवी प्रोजेक्ट। 633 स्थानों पर लगेंगे 7,035 कैमरे। मुंबई कंट्रोल रूम से होगी पूरे राज्य की निगरानी।
Maharashtra State Road Transport Corporation's new CCTV project, costing ₹111 crore, will install 7,035 cameras at 633 locations.
लालपरी और सेंट्रल कंट्रोल रूम (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

MSRTC CCTV Project 2026: राज्य के कोने-कोने तक दौड़ने वाली ‘लालपरी’ (एसटी बस) की सुरक्षा अब अत्याधुनिक तकनीक से सज्ज होने जा रही है। संभावित आतंकी और असामाजिक गतिविधियों के खतरे को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने एक महत्वाकांक्षी ‘नया सीसीटीवी प्रोजेक्ट’ शुरू किया है।

इस परियोजना के तहत बस अड्डों से लेकर विभागीय कार्यालयों तक सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर डिजिटल निगरानी तंत्र (सीसीटीवी प्रोजेक्ट) स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने दी।

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए ₹111 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस निधि से बस अड्डे, डिपो, विभागीय व केंद्रीय कार्यशालाएं, विभागीय कार्यालय तथा भोसरी स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान जैसे संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

कुल 633 स्थानों पर 7,035 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिससे एसटी परिसरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सकेगी। परियोजना का कार्य ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से चयनित टेलीकम्युनिकेशन कंसल्टेंट इंडिया लिमिटेड (टीसीआईएल) को सौंपा गया है। एक वर्ष की निर्धारित अवधि में इस परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है और कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुंबई से होगी पूरे राज्य में निगरानी

मुंबई में स्थापित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष (सेंट्रल कंट्रोल रूम) की यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (यूएटी) सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। इस नियंत्रण कक्ष से राज्य भर में लगे सभी कैमरों की निगरानी केंद्रीकृत तरीके से की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

पायलट चरण में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर क्षेत्रों के 64 महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी प्रणाली सफलतापूर्वक स्थापित की जा चुकी है। नागपुर सहित शेष 27 विभागों व अन्य कार्यशालाओं और कार्यालयों में कैमरे लगाने की प्रक्रिया जारी है।

सुरक्षा का नया अध्याय

इस परियोजना के लागू होने से एसटी बस अड्डों और कार्यालयों में सुरक्षा का नया अध्याय शुरू होगा। यात्रियों का विश्वास और मजबूत होगा तथा किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित नियंत्रण संभव हो सकेगा।

‘नया सीसीटीवी प्रोजेक्ट’ केवल कैमरे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एसटी की सुरक्षा को डिजिटल कवच प्रदान करने और यात्रियों के विश्वास को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ‘लालपरी’ का सफर न केवल तेज, बल्कि अधिक सुरक्षित, भरोसेमंद और तकनीक संपन्न बनेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com