Nagpur News: विदर्भ में मानसून की जोरदार एंट्री, नागपुर में झमाझम बरसे बादल, गर्मी से मिली राहत

Nagpur Weather: महाराष्ट्र में विदर्भ में भी मानसून ने जोरदार एंट्री ले ली है। नागपुर में बीते दिन अचानक शाम को मौसम ने करवट ली और काले बादलों को डेरा आसमान में छा गया। रात को बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली।
महाराष्ट्र में विदर्भ में भी मानसून ने जोरदार एंट्री ले ली है। नागपुर में बीते दिन अचानक शाम को मौसम ने करवट ली और काले बादलों को डेरा आसमान में छा गया। रात को बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली।
नागपुर में बारिश (सौजन्य-एएनआई)
Published on
Updated on

नागपुर: राज्य में मानसून के प्रवेश के बाद अब विदर्भ में भी मानसून की जोरदार एंट्री हो गई है। गड़चिरोली में प्रवेश के बाद अब सिटी समेत अन्य जिलों में भी मानसून जल्द ही आने वाला है। नौतपा के दौरान विदर्भ में मानसून की दस्तक से तापमान भी 40 डिग्री के नीचे चल रहा है। इस बीच बुधवार को नौतपा के चौथे दिन सिटी समेत विदर्भ के अनेक जिलों में अच्छी बारिश हुई। सिटी में सुबह से ही बदराया मौसम रहा। तड़के सुबह इक्का-दुक्का इलाकों में हल्की बारिश हुई।

हालांकि, दोपहर के वक्त कुछ देर के लिए धूप खिली और उमस ने हलाकान किया लेकिन शाम करीब 4.30 बजे के बाद घने काले बादल घिरने शुरू हो गए। करीब 5 बजे तक सिटी काले बादलों से ढंक गई और अंधेरा सा छा गया। कुछ मिनटों की बौछारों के बाद जोरदार बारिश शुरू हुई। उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम नागपुर समेत पूरी सिटी में बादल झमाझम बरसे।

21.2 मिली बारिश दर्ज

मौसम विभाग ने बुधवार की रात 8.30 बजे तक 21.2 मिमी बारिश दर्ज की। बिजली की तेज गर्जना और हवाओं के साथ बादल बरसने के कारण सैकड़ों इलाकों में जलजमाव हो गया। शाम को अचानक शुरू हुई बारिश ने सैकड़ों लोगों की दिक्कतें बढ़ा दीं। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही।

3.5 डिसे लुढ़का अधिकतम तापमान

मंगलवार देर रात और बुधवार को हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट आ गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को सिटी का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री दर्ज किया जो औसत से 7.6 डिग्री कम रहा। बीते 24 घंटों में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं बुधवार को सिटी का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। यह औसत से 3.4 डिग्री कम रहा। मंगलवार की तुलना में 2.1 डिग्री की कमी आई। 31 मई तक रोज गरज चमक के साथ बारिश होगी। इस दौरान सिटी का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिसे रहेगा।

सड़कों, RUB में जलजमाव

बुधवार की शाम करीब घंटेभर हुई तेज बारिश में अनेक इलाकों में भारी जलजमाव हो गया। सड़कों समेत विविध अंडरब्रिज में भी पानी भर गया। इससे वाहन चालकों को परेशानियों से जूझना पड़ा। चंद मिनटों की बारिश में लबालब होने वाले नरेंद्रनगर आरयूबी में भी पानी भर जाने से यातायात समस्याएं आईं लेकिन बारिश थमने के कुछ देर बाद आरयूबी से पानी निकल गया। वहीं सैकड़ों इलाकों में गड्ढों में पानी भरने से भारी दिक्कतें आईं।

अकोला में 140.7 मिमी बरसे बादल

विदर्भ के गड़चिरोली में मानसून की एंट्री के साथ ही बुधवार को सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। सुबह 8.30 बजे तक मौसम विभाग ने अकोला में सर्वाधिक 140.7 मिमी बारिश दर्ज की। वहीं अमरावती में 45.2 मिमी, भंडारा में 19.0 मिमी, बुलढाना में 19.2 मिमी, ब्रम्हपुरी में 1.2 मिमी, चंद्रपुर में 5.0 मिमी, गड़चिरोली में 9.0 मिमी और गोंदिया में 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। नागपुर में सुबह 8.30 बजे 1.8 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि रात 8.30 बजे 21.2 मिमी बादल बरसे। इसके अलावा वर्धा में सुबह 8.30 बजे तक 7.2 मिमी, वाशिम में 7.2 मिमी और यवतमाल में 6.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। कहीं गिरी बिजली…तो कहीं दीवार, महाराष्ट्र में बारिश के तांडव से मचा हाहाकार, अब तक 21 लोगों की मौत

20 वर्षों में विदर्भ में मानसून की एंट्री

साल दिन
2005 24 जून
2006 24 जून
2007 18 जून
2008 11 जून
2009 26 जून
2010 14 जून
2011 15 जून
2012 17 जून
2013 9 जून
2014 19 जून
2015 13 जून
2016 18 जून
2017 16 जून
2018 8 जून
2019 22 जून
2020 12 जून
2021 9 जून
2022 16 जून
2023 25 जून
2024 24 जून
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com