

Nagpur Legislative Council Election: नागपुर विधान परिषद चुनाव में 17 में से सभी 17 सीटों पर महायुति के उम्मीदवार विजयी होंगे और महायुति को केवल जीत ही नहीं बल्कि बड़ी जीत हासिल होगी। यह दावा पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया है। वे नागपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में सीटों के बंटवारे का निर्णय महायुति के प्रमुख नेताओं ने सर्वसम्मति से लिया है। इसके तहत भाजपा 11, शिंदे शिवसेना 4 और राकां सुनेत्रा पवार गुट 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि महायुति के सभी उम्मीदवार विजयी होंगे, अमरावती के संदर्भ में पूर्व सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा के संबंध में उन्होंने कहा कि दोनों ही परिपक्व नेता हैं। कुछ स्थानीय मतभेद हो सकते हैं लेकिन वे महायुति के साथ ही रहेंगे। उनसे चर्चा करेंगे।
राजीव पोद्दार की उम्मीदवारी पर बावनकुले ने कहा कि उन्हें रिकॉर्ड मतों से जीत मिलेगी। उन्होंने पोतदार के सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल में डॉ. पोद्दार ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई। इस बार भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जीत मिलेगी।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा कांग्रेस के नगरसेवकों को नॉट रिचेबल करने संबंधी आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि उसके अपने पार्षदों में नाराजगी क्यों पैदा हुई। महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को पूरा समर्थन नहीं देने के कारण महिलाओं को व्यापक प्रतिनिधित्व का अवसर गंवाना पड़ा।
'लाडली बहन' योजना के अपात्र लाभार्थियों के बारे में कहा कि कुछ नाम निर्धारित पात्रता मानकों से बाहर पाए जाने के कारण हटाए गए है। हालांकि ऐसे मामलों की पुनः समिति के माध्यम से जांच की जाएगी और पात्र महिलाओं को न्याय दिलाया जाएगा।
भाजपा द्वारा अन्य दलों के कुछ नेताओं को टिकट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान बनाए रखते हुए सक्षम और अनुभवी व्यक्तियों को भी अवसर देने की नीति पर चलती है।