फडणवीस और शिंदे महाराष्ट्र की राजनीति के 'रोहित-कोहली', महायुति की जीत पर बोले मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले

Maharashtra Nikay Chunav Results: महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति गठबंधन ने भारी जीत दर्ज की। मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इसे डबल इंजन सरकार के विकास की जीत बताते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
Maharashtra Nikay Chunav Results Chandrashekhar Bawankule Statement
मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, इनसेट- देवेंद्र फडणवीस व एकनाथ शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrashekhar Bawankule Statement: महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा नीत महायुति गठबंधन ने विपक्ष का सूपड़ा साफ करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। इस बड़ी जीत के बाद महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि राज्य में केवल विकास की राजनीति चलेगी, भावनात्मक दांव-पेच नहीं।

महाराष्ट्र निकाय चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है। परिणामों पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि भाजपा और महायुति गठबंधन जनता के बीच केवल विकास के मुद्दों को लेकर गए थे। उन्होंने कहा, "हमने सरकार के 'विकसित मुंबई, विकसित महाराष्ट्र' के संकल्प को जनता के सामने रखा और लोगों ने उसी विजन पर अपना भरोसा जताया है।"

फडणवीस और शिंदे राजनीति के 'कोहली-रोहित'

मंत्री बावनकुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की जमकर तारीफ की और उन्हें 'महाराष्ट्र का ब्रांड' करार दिया। उन्होंने कहा कि फडणवीस ने इस पूरे चुनाव का नेतृत्व कुशलता से किया। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की जोड़ी को क्रिकेट की दिग्गज जोड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा से तुलना किए जाने पर उन्होंने सहमति जताई। बावनकुले के अनुसार, "मुख्यमंत्री के विकास विजन को उपमुख्यमंत्री का पूरा समर्थन मिलता है, जिससे राज्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है।"

विपक्ष पर हमला, कहा- नहीं फूटेगा एटम बम

विपक्ष द्वारा चुनाव पूर्व किए गए दावों और रणनीतियों पर कटाक्ष करते हुए मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि विरोधियों का 'एटम बम' कभी फूटने वाला नहीं है। उन्होंने उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे का नाम लिए बिना कहा कि महाराष्ट्र में अब केवल काम बोलता है, भावनात्मक बातों के लिए यहाँ कोई जगह नहीं बची है। राज ठाकरे के भविष्य पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता तय करती है कि कौन सही रास्ते पर है और कौन गलत। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि महायुति सही रास्ते पर है, इसीलिए परिणाम उनके पक्ष में हैं।

AIMIM का उदय और आगामी रणनीति

चंद्रपुर में AIMIM का खाता खुलने पर बावनकुले ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने जहाँ मेहनत की, उसे वहाँ परिणाम मिले। उन्होंने दोहराया कि आने वाले समय में भी जनता केवल विकास को ही प्राथमिकता देगी। इस जीत में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चौहान के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com