शिंदे गुट ने पूर्व सांसद कृपाल तुमाने को दिया विधानपरिषद का टिकट, बीजेपी ने परिणय फुके पर जताया भरोसा
नागपुर का राजनीतिक महत्व तो पहले भी कम नहीं था लेकिन अब जिले की राजनीतिक वजनदारी और बढ़ गई है। दरअसल, विधान परिषद के लिए रामटेक के पूर्व सांसद कृपाल तुमाने को शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट ने विधान परिषद में भेजने का निर्णय लिया। वहीं, बीजेपी ने पूर्व राज्यमंत्री परिणय फुके को विप सदस्यता के लिए उम्मीदवारी दी है। इन दोनों को मिलाकर अब जिले से कुल 17 विधायक हो जाएंगे।
- Written By: किर्तेश ढोबले
कृपाल तुमाने और परिणय फुके (फोटो सौजन्यः सोशल मीडिया)
नागपुर: लोकसभा के बाद महाराष्ट्र में विधानपरिषद चुनाव होने है। शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट ने रामटेक के पूर्व सांसद कृपाल तुमाने को विधान परिषद में भेजने का निर्णय लिया। वहीं, बीजेपी ने पूर्व राज्यमंत्री परिणय फुके को विधान परिषद की सदस्यता के लिए उम्मीदवारी दी है। इन दोनों को मिलाकर अब जिले से कुल 17 विधायक हो जाएंगे। कहा जा रहा है कि अब इससे महाराष्ट्र की राजनीति में जिले की राजनीतिक वजनदारी और बढ़ गई है।
दरअसल, विधानसभा में जिले के 12 विधायक हैं और उच्च सदन विधानपरिषद में नागपुर से 5 विधायक होंगे। बताते चलें कि विधान परिषद में 11 सदस्यों की जगह रिक्त हुई है। सदन में जाने के लिए सभी पार्टियों से अनेक इच्छुक थे लेकिन नागपुर जिले से तुमाने व फुके को मौका दिया गया है। बीजेपी ने अपने कोटे से 5 सदस्यों के नाम की पहले ही घोषणा कर दी थी जिसमें परिणय फुके का नाम शामिल था।
शिंदे ने विदर्भ से उतारे उम्मीदवार
इधर, सीएम शिंदे ने अपने कोटे की दोनों जगह विदर्भ को दी है। उन्होंने तुमाने के साथ ही यवतमाल की भावना गवली को विधान परिषद भेजने का निर्णय लिया है। बीजेपी ने यवतमाल जिले के नीलय नाईक का कार्यकाल खत्म होने पर रिक्त हुई जगह पर परिणय फुके को भेजा है। नागपुर जिले की बात करें तो पहले चंद्रशेखर बावनकुले का राजनीतिक पुनर्वास करने के लिए बीजेपी ने उन्हें विधानपरिषद की सदस्यता दी। नागपुर शहर के प्रवीण दटके को भी विधायक बनाया। नागपुर विभागीय स्नातकोत्तर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के अभिजीत वंजारी विधान परिषद में पार्टी प्रतोद हैं। नागपुर जिले से चंद्रशेखर बावनकुले, अभिजीत वंजारी, प्रवीण दटके के बाद अब कृपाल तुमाने और परिणय फुके महाराष्ट्र विधान परिषद में नजर आएंगे।
सम्बंधित ख़बरें
महायुति में बवाल, शिवसेना और NCP में हिंसक झड़प, आपस में भिड़े तानाजी सावंत और राहुल मोटे के समर्थक
सिद्धिविनायक मंदिर मामले में प्रियंका चतुर्वेदी का एकनाथ शिंदे पर बड़ा हमला, CM फडणवीस से कर दी ये मांग
राजू वाघमारे का राज ठाकरे पर पलटवार, बिना पुष्टि के आरोप लगाना गलत, सिद्धिविनायक ट्रस्टी दे चुके हैं सफाई
हमें मिलेगा शिवसेना का चुनाव चिह्न, नहीं तो फ्रीज होगा धनुष बाण; उद्धव ठाकरे का बड़ा दावा, शिंदे को लगेगा झटका
तुमाने के समर्थकों में भारी उत्साह
शिंदे गुट द्वारा कृपाल तुमाने को उम्मीदवारी मिलने के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही नें संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने कृपाल तुमाने की टिकट काटकर कांग्रेस से शिवसेना में आए राजू पारवे को उम्मीदवारी दी थी। तुमाने की टिकट काटकर राजू पारवे को उम्मीदवारी दिए जाने को लेकर तुमाने सहित उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखी गई थी। राजनीतिक महकमे में चर्चा शुरू हो गई थी कि तुमाने का राजनीतिक करिअर अब खत्म हो गया। तुमाने ने तो पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में सार्वजनिक तौर पर सीएम शिंदे के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। तब शिंदे ने उन्हें वचन दिया था कि वे उन्हें सांसद से भी अधिक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देंगे। उन्होंने अपना वचन निभाया। अब कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में फिर महायुति की सरकार बनी तो तुमाने को मंत्री बनाकर वजनदार विभाग दिया जा सकता है।
