नागपुर में सनसनीखेज वारदात, शादी के कई साल बाद भी नहीं हुआ बच्चा तो पत्नी को उतारा मौत के घाट

शादी को कई वर्ष बीतने के बाद भी बच्चा नहीं होने के कारण शराबी पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात कलमना थानांतर्गत विजयनगर परिसर में हुई। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नागपुर में शादी के कई साल बाद भी नहीं हुआ बच्चा तो पत्नी को उतारा मौत के घाट
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

नागपुर: शादी को कई वर्ष बीतने के बाद भी बच्चा नहीं होने के कारण शराबी पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात कलमना थानांतर्गत विजयनगर परिसर में हुई। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका रामभूमि सोसाइटी निवासी सबीरा बाबूलाल वर्मा (40) बताई गई। आरोपी बाबूलाल जीवन वर्मा (43) कलमना बाजार में हमाली करता है। पुलिस के अनुसार 10 वर्ष पहले सबीरा और बाबूलाल का विवाह हुआ था। बच्चे नहीं होने के कारण बाबूलाल शराब पीकर सबीरा के साथ मारपीट करता था। वह उस पर शक भी करता था। अक्सर इसी बात को लेकर दोनों का विवाद होता था।

2 बार सबीरा घर छोड़कर भी गई थी लेकिन बाबूलाल उसे मनाकर वापस घर ले आता और फिर मारपीट करता था। मंगलवार की रात भी वह शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा। उसने सबीरा के साथ विवाद शुरू कर दिया। चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसने घर में रखा मोटा बाम्बू उठाकर सबीरा के सिर पर कई प्रहार किए और उसे मार डाला। इसी बीच सबीरा की बहन के बेटे थान सिंह वर्मा ने उसे कॉल किया। बार-बार फोन करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं किया तो उसने बाबूलाल को कॉल किया। तब बाबूलाल ने उसे सबीरा की हत्या करने की जानकारी दी।

दरवाजा बंद कर घर पर ही था आरोपी

पहले तो उसने विश्वास नहीं किया लेकिन सबीरा से संपर्क नहीं होने के कारण संदेह हुआ। वह सबीरा के घर पहुंचा तो दरवाजा भीतर से बंद था। उसने पुलिस को जानकारी दी। खबर मिलते ही कलना पुलिस मौके पर पहुंची। आवाज लगाने पर बाबूलाल ने दरवाजा खोला तो सबीरा भीतर मृतावस्था में दिखाई दी। बाबूलाल ने पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हत्या का मामला दर्ज कर बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया। रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि लंबे समय से सबीरा के साथ मारपीट हो रही थी। कई बार परिजनों ने बाबूलाल को समझाया। कुछ दिन शांत रहने के बाद वह फिर उसके साथ मारपीट करता था। बच्चे नहीं होने के कारण वह बार-बार विवाद करता था।

Navbharat Live
navbharatlive.com