मेट्रो की खुदाई में मिला मानव कंकाल, वानाडोंगरी में मचा हड़कंप, मजदूरों के उड़े होश

Human Skeleton Nagpur Metro: नागपुर मेट्रो की खुदाई में मिला नरकंकाल! हिंगना मार्ग पर 9 फीट नीचे दबी मिलीं हड्डियां। फॉरेंसिक टीम और एमआईडीसी पुलिस जांच में जुटी। इलाके में सनसनी।
A human skeleton was discovered 9 feet underground during Nagpur Metro's Phase 2 excavation on Hingna Road.
खुदाई में मिला मानव कंकाल (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Hingna Road News Today: हिंगना मार्ग पर महामेट्रो के दूसरे चरण का काम जारी होने के दौरान गुरुवार, 19 मार्च को खुदाई में जमीन के अंदर 8-9 फीट गहराई पर एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कंकाल को आगे जांच के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे हिंगना मार्ग पर सड़क के बीचों-बीच मजदूर मशीन की मदद से खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मानव खोपड़ी और हड्डियां दिखाई दीं। इससे मजदूर घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना एमआईडीसी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सपना निरंजन, सहायक पुलिस निरीक्षक संजय बनसोड, उपनिरीक्षक थोरवे और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने तुरंत खुदाई कार्य रुकवाकर तहसीलदार हिंगना और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। नायब तहसीलदार अश्विन मेश्राम के मौके पर पहुंचने के बाद कंकाल को बाहर निकाला गया। मृतक के शरीर की अधिकांश हड्डियां काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में पाई गईं। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कर कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।

फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई होगी स्पष्ट

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कंकाल कई वर्ष पुराना होने की संभावना है। एमआईडीसी पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य सड़क के बीचों-बीच इस तरह मानव कंकाल मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान के लिए फिलहाल कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी, ऐसा पुलिस निरीक्षक सपना निरंजन ने बताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com