हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 2 करोड़ का विदेशी सोना जब्त, DRI और RPF ने मारा छापा, 2 तस्कर गिरफ्तार

Foreign Gold Seized In Nagpur: हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से RPF और DRI ने लगभग 1.96 करोड़ रुपये मूल्य का 1.242 किलोग्राम अवैध विदेशी सोना जब्त किया। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
Foreign Gold Seized In Howrah Mumbai Duronto Express
हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से जब्त विदेशी सोना व आरोपीफोटो नवभारत
Updated on

Foreign Gold Seized In Howrah Mumbai Duronto Express: दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले RPF क्राइम ब्रांच नागपुर, रायपुर और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) नागपुर की संयुक्त टीम ने ट्रेन में बड़े पैमाने पर हो रही सोने की तस्करी का पर्दाफाश किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई एक योजनाबद्ध कार्रवाई में हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12262) से लगभग 1.242 किलोग्राम अवैध विदेशी सोना जब्त किया गया है। जब्त किए गए इस सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को खुफिया जानकारी मिली थी कि दो संदिग्ध यात्री दुरंतो एक्सप्रेस के जरिए भारी मात्रा में विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर, रायपुर और डीआरआई नागपुर के अधिकारियों की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया।

भंडारा और नागपुर के बीच कोच बी-12 में कार्रवाई

संयुक्त टीम ने रायपुर से ही ट्रेन पर नजर रखनी शुरू कर दी और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। ट्रेन जब भंडारा से नागपुर के बीच दौड़ रही थी, तभी जांच अधिकारियों ने एसी कोच बी-12 (B-12) में बैठे दो संदिग्ध यात्रियों को चिन्हित किया। अधिकारियों ने जब उनसे पूछताछ की और उनके सामान की गहन तलाशी ली, तो उनके पास से विदेशी सोने के 7 बिस्किट और 1 सोने की छड़ (Gold Bar) बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपी सोने की खरीद और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके तुरंत बाद, आरपीएफ और डीआरआई की टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और पूरे सोने को अपने कब्जे में ले लिया।

Foreign Gold Seized In Howrah Mumbai Duronto Express
चाकण जैसा न हो जाए शेंद्रा-बिडकीन का हाल! छत्रपति संभाजीनगर के औद्योगिक क्षेत्र के लिए 25 साल की बड़ी चेतावनी

कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों और जब्त सोने को डीआरआई नागपुर के हवाले कर दिया है। डीआरआई ने इस मामले में सीमा शुल्क अधिनियम (Customs Act, 1962) की धारा 135 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को कानूनी प्रक्रियाओं के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। डीआरआई अब इस बात की जांच में जुट गई है कि यह सोना कहां से लाया जा रहा था और इसे मुंबई या अन्य किसी शहर में किसे सप्लाई किया जाना था। इस पूरे गोल्ड स्मगलिंग सिंडिकेट और इससे जुड़े अन्य नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com