नागपुर के हिंगना MIDC में दर्दनाक हादसा, क्रेन के कन्वेयर बेल्ट में हाथ आने से कामगार की मौत

Nagpur Factory Death News: नागपुर के हिंगना एमआईडीसी स्थित कारखाने में क्रेन के कन्वेयर बेल्ट में हाथ फंसने से एक युवा कामगार की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार में मातम छा गया है।
Hingna MIDC Accident Nagpur
कन्वेयरबेल्ट में हाथ फंसने से रोहित मौतसोर्स: नवभारत डिज़ाइन फोटो
Published on
Updated on

Hingna MIDC Accident Nagpur: नागपुर जिले के हिंगना एमआईडीसी परिसर स्थित निको हेवी इंजीनियरिंग कास्टिंग लिमिटेड कारखाने में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। रेत-मिट्टी को ऊंचाई पर ले जाने वाली क्रेन के कन्वेयरबेल्ट में हाथ फंसने से 30 वर्षीय कामगार की मौत हो गई।

मृतक की पहचान रोहित रामदुलार चौबे (30), पंचशील नगर, इसासनी, हिंगना रोड, नागपुर के रूप में हुई है। रोहित रोज की तरह सोमवार सुबह कारखाने के प्लॉट नंबर 65/2 में काम पर पहुंचा था।

नागपुर मेडिकल अस्पताल रेफर

वह लोहे को पिघलाने वाली भड्डी के पास रेत-मिट्टी ऊपर ले जाने वाली क्रेन पर काम कर रहा था, इसी दौरान अचानक उसका एक हाथ कन्वेयर बेल्ट में फंस गया। हादसा इतना भीषण था कि उसका हाथ कंधे से अलग हो गया।

कुछ देर बाद पास में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों का ध्यान घटना की ओर गया। उन्होंने तत्काल क्रेन बंद कर रोहित को नीचे उतारा और कटे हुए हाथ के साथ डिगडोह स्थित लता मंगेशकर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे नागपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया। मेडिकल अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Hingna MIDC Accident Nagpur
नागपुर में दो सड़क हादसों ने मचाई सनसनी! पिता के सामने बेटी, बेटे के सामने मां की दर्दनाक मौत

आगे की जांच शुरू

बताया जाता है कि रोहित पहले प्लंबर सहायक के रूप में काम करता था और सामान्यतः दूसरी जगह काम करता था। सोमवार को पहली बार उसे इतनी ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजा गया था। रोहित के परिवार में पत्नी और चार माह का बच्चा है।

हादसे से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सहकर्मी कामगारों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। एमआईडीसी नागपुर पुलिस ने घटना की सूचना दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com