

Anil Sole BJP Rebel: नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के भीतर बगावत और आंतरिक कलह चरम पर पहुंच गई है। भाजपा से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले पूर्व MLC और वरिष्ठ नेता अनिल सोले को मनाने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण पहुंचे।
लेकिन उन्हें परिवार वालों के गुस्से का सामना करना पड़ा। परिवार वालों ने जमकर 'शोले' बरसाये। चव्हाण को खाली हाथ वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। अनिल सोले तो घर पर नहीं थे लेकिन परिवार वालों ने चव्हाण को जमकर सुनाई और उन्हें बैरंग ही लौटने के लिए मजबूर कर दिया।
अनिल सोले की उम्मीदवारी वापस कराने और उन्हें मनाने के लिए राज्य भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण अचानक सोले के नागपुर स्थित आवास पर पहुंचे थे। उनके साथ स्थानीय विधायक कृष्णा खोपड़े, राजू पोतदार और शिवानी दाणी भी मौजूद थीं।
उस समय अनिल सोले घर पर उपस्थित नहीं थे। जब प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों से बात करने की कोशिश की तो सोले के परिवार वालों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने रवींद्र चव्हाण और उनके साथ आए नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई तथा तीखे सवालों की बौछार कर दी।
50 सालों की निष्ठा का यह कैसा सिला नाराज परिजनों ने प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के सामने अपना दर्द और आक्रोश जताते हुए कहा कि अनिल सोले पिछले 50 वर्षों से निस्वार्थ भाव से भाजपा की सेवा कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में उन्होंने कभी किसी पद की अपेक्षा नहीं की।
पार्टी ने भी उन्हें समय-समय पर जिम्मेदारी और सम्मान दिया है। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब लगभग 6 महीने पहले ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आशीर्वाद सोले को मिल चुका था तो फिर अंतिम समय में उनका टिकट आधार पर और क्यों काट दिया गया।
अनिल सोले नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 'मास्टर' माने जाते * हैं। वे इस सीट से पहले भी चुनाव जीत चुके हैं और क्षेत्र के मतदाताओं व कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ अनिल सोले का मैदान में डटे रहना और चुनाव लड़ना भाजपा के लिए बहुत बड़ा सिरदर्द बनने जा रहा है। अगर सोले अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं लेते हैं तो इस सीट पर भाजपा के वोटों में बड़ा बिखराव हो सकता है जिससे पार्टी की राह बेहद कठिन हो जाएगी।